बभनगामा लूटकांड का मास्टर माइंड धराया हुआ मामले का उद्भेदन -Naugachia News

Crime Reoprts
नवगछिया : बिहपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े किराना दुकानदार गोपाल साह के दुकान में हुए लूट मामले का उद्भेदन पुलिस ने कर लिया है. लूटकांड में संलिप्त दो अपराधी बिहपुर थाना के ही सोनवर्षा के रामनगर निवासी छोटेलाल चौधरी और संत लाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने दोनों के पास से ₹20200 और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है. इस संदर्भ में आयोजित एक पेड़ प्रेसवार्ता में एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना में संलिप्त अन्य दो अपराधियों की भी पहचान पुलिस ने कर ली है. एक अपराधी सोनवर्षा काही मंटू उर्फ हगना है तो दूसरा अपराधी इसी गांव के नेपाली मंडल का पुत्र ढोढ़ीया मंडल है. बिहपुर पुलिस ने अन्य दोनों अपराधियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लेने का दावा किया है. पुलिस ने बताया कि कांड का मास्टरमाइंड मंटू उर्फ हागो था. उसने अन्य तीन अपराधियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने इस घटना को चुनौती के रूप में स्वीकार किया और 48 घंटे के अंदर दोनों अपराधियों को लूटी गई रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया. कांड संदर्भ में बनाई गई टीम का नेतृत्व नवगछिया के एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन कर रहे थे तो छापेमारी में नवगछिया के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजय कुमार सुधांशु, बिहपुर के थानाध्यक्ष रामविचार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक सूर्य नारायण झा, सुभाष यादव, सुरेंद्र सिंह कामत, डोमी मंडल, चंदन चौकीदार और सुरेंद्र पासवान शामिल थे.
पूछताछ में अपराधियों ने बताई पूरी कहानी
नवगछिया के एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन ने आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि घटना का मास्टर माइंड और गिरोह के सरगना हगना उर्फ मंटू ने घटना की साजिश की. कांड को अंजाम देने में संत लाल चौधरी की टीवीएस मोटर बाइक का उपयोग किया. गिरोह का एक सदस्य बभनगामा बाजार स्थित गोपाल शाह के दुकान के पास ही मंडराता रहा जबकि 3 सदस्य पहले गौरीपुर गए और वहां से मोटरसाइकिल पर सवार होकर पिस्तौल लहराते हुए बभनगामा बाजार घुसे और सीधे गोपाल साह के दुकान में आ धमके. दुकानदार को हथियार सटाकर उसके पास जो भी नगदी थी अपराधियों ने ले लिया. फिर वहां से भागने के क्रम में एक अपराधी का पिस्तौल एक और एक जिंदा कारतूस वहीं पर छूट गया. अपराधियों में एक आंशिक रूप से चोटिल था और वह लंगड़ा के चल रहा था. जानकारी मिली है कि उक्त अपराधी संतलाल चौधरी था. संतलाल चौधरी आंशिक रूप से अभी भी जख्मी है. बाइक सवार घटना के तुरंत बाद बाइक लेकर निकल गया तो सभी अपराधी बभनगामा दियारा होते हुए सोनबरसा की ओर भाग गए.

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अपराधियों ने पूछताछ के क्रम में बताया है कि लूट की गई कुल 40000 रकम में चारों ने बंटवारा कर लिया. आधे रकम उन लोगों के पास है तो आधे रकम कांड में शामिल अन्य दो अपराधियों के पास है. पुलिस ने दावा किया है कि गिरफ्तार किए गए दोनों अपराधियों ने अपने इकबालिया बयान में अपना जुर्म कबूल किया है. नवगछिया के एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन ने बताया कि फिलहाल इस घटना का मास्टर माइंड हगना उर्फ मंटू कुमार पुलिस के टॉप टारगेट पर है.  उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मालूम हो कि हगना का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. हत्या व लूट के मामले में वह आरोपी रहा है. इन दिनों वह लूटकांड के अलावा दूसरे मामले में भी बिहपुर पुलिस का वांछित है.
अब तक बभनगामा बाजार में नहीं हुई थी इस तरह की लूट की घटना
बभनगामा बाजार काफी सुरक्षित बाजार माना जाता रहा है. बुधवार को लूट की घटना होने के बाद बभनगामा बाजार के व्यवसाई दहशत में हैं. व्यवसाइयों ने कहा कि बभनगामा बाजार में इस तरह की लूट की घटना पहले कभी नहीं हुई है. वे लोग भयमुक्त वातावरण में लोगों को सेवा देने का काम करते हैं. लेकिन इस घटना के बाद से उन लोगों को सोचने को विवश होना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने बभनगामा बाजार में अस्थाई रुप से पुलिस कर्मियों की नियुक्ति करने की मांग पुलिस पदाधिकारियों से की है.