मुंबई में एमटीएनएल की 9 मंजिला इमारत में आग, दमकल विभाग ने 60 लोगों को निकाला
मुंबई. शहर के बांद्रा वेस्ट इलाके में एमटीएनएल की 9 मंजिला इमारत में सोमवार को आग लग गई। इमारत की छत पर करीब 40 लोगों के फंसे होने की सूचना है। दमकल विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए 60 लोगों को निकाल लिया। उन्हें क्रेन की मदद से उतार लिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आग बुझाने के लिए मौके पर फायर ब्रिगेड की 31 गाड़ियां मौजूद हैं। दमकल विभाग के मुताबिक, यह लेवल-4 की आग है। इसे बुझाने के लिए दमकलकर्मी एक नए रोबोट सिस्टम की मदद ले रहे हैं।

लोगों से इमारत से दूर रहने की अपील
जानकारी के मुताबिक, इमारत के तीसरे और चौथे फ्लोर पर यह आग लगी है। कर्मचारियों का कहना है कि एसी में शॉर्ट सर्किट के बाद पहले उसमें आग लगी। फिर आग फ्लोर पर फैल गई। शहर का भीड़भाड़ वाला इलाका होने के चलते सड़क पर जाम लग गया है। पुलिस और फायर बिग्रेड के अधिकारी लोगों को इमारत से दूर रहने की अपील कर रहे हैं।
कल भी एक बिल्डिंग में आग लगी थी
इससे पहले रविवार को मुंबई में ही ताजमहल और डिप्लोमैट होटल के पास चर्चिल चैंबर बिल्डिंग में आग लगी थी। दमकल कर्मचारियों ने 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।

