दिल्ली से आने वाली पूर्वा एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की मिली धमकी के बाद पटना जंक्शन पर हड़कंप मच गया। गुरुवार की सुबह पौने 10 बजे अज्ञात मोबाइल नंबर से जीआरपी को आई धमकी के बाद सुरक्षा तंत्र अलर्ट हो गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जीआरपी ने भी तत्काल इस सूचना को आरपीएफ से साझा किया। तब तक यह ट्रेन दानापुर स्टेशन से खुल गई। करीब सवा 10 बजे जैसे ही ट्रेन पटना जंक्शन पर पहुंची, आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने हर निकास द्वार को घेर लिया। मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही यात्रियों को प्लेटफॉर्म से बाहर निकलने दिया गया। यही नहीं, यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने से रोका गया। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने सभी बोगियों में मेटल डिटेक्टर से जांच शुरू की। इस कार्य में दो खोजी कुत्तों (डॉग स्क्वायड) की मदद ली गई।

आरीपीएफ के सीनियर कमांडेंट चंद्र मोहन मिश्रा ने बताया कि लगभग 50 मिनट चले सर्च अभियान में इंजन से लेकर गार्ड बोगी की जांच की गई। इसमें सूचना अफवाह साबित हुई। आरपीएफ पटना जंक्शन के प्रभारी वीएन कुमार ने बताया कि इस तरह की धमकी के बाद पटना जंक्शन की सुरक्षा और चौकस कर दी गई है। हर आने-जाने वाले लोगों पर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से नजर रखी जा रही है। किसी व्यक्ति के संदिग्ध हरकत पर उससे पूछताछ और उनके सामान की भी जांच की गई।
फोन करने वाले की पहचान का प्रयास
आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि जीआरपी को जिस अज्ञात व्यक्ति ने बम की सूचना दी थी, उसकी पहचान की जा रही है। पुलिस की साइबर सेल की मदद से फोन करनेवाले की पहचान की जाएगी। उसके बाद जांच के आधार पर उसपर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
