प्रतिमा विसर्जन को लेकर हर बार विधि-व्यवस्था की समस्या के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने लाइसेंस देने वाले थानेदारों पर नकेल कसी है। थानेदारों को जिम्मेदारी दी गई कि उन्होंने जिस प्रतिमा विसर्जन का लाइसेंस दिया है। वह नदी घाट जाते समय बीच रास्ते ना रुकने पाए। लाइसेंस जारी करने से पहले थानेदारों को पूजा समिति से इस बारे में बांड ले लेना चाहिए। थानेदारों पर लगाम के लिए एसडीओ व एसडीपीओ को जिम्मेवारी दी गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!19 की रात से प्रतिमा विसर्जन शुरू हो जाएगा
डीएम व एसएसपी द्वारा जारी संयुक्त आदेश में कहा गया कि 16 अक्टूबर को प्रतिमा स्थापना व 19 अक्टूबर को विजयादशमी का त्योहार है। प्रतिमा विसर्जन 19 अक्टूबर की रात से ही शुरू हो जाएगी। ऐसे में कड़ी निगरानी व विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। डीएम ने कहा कि जिले में सांप्रदायिक स्थिति नियंत्रित है। फिर भी संवेदनशीलता व देश में हुए उपद्रवों के आलोक में भागलपुर को बचाना जरूरी है। शस्त्र प्रदर्शन के दौरान विशेष सुरक्षा रहनी चाहिए।

दो जुलूस आमने-सामने न आए, दूसरों की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे
असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाह फैलाए जाने पर बिगड़ती स्थिति पर नियंत्रण के लिए जरूरी है कि उसका खंडन तुरंत किया जाए। अफवाह फैलाने वालों पर भादवि की धारा 153ए व 505 के तहत कार्रवाई की जाए। प्रतिमा विसर्जन जुलूस को लेकर होने वाले विवादों पर रोक के लिए सप्तमी से पहले रूट चार्ट तय कर लिया जाए। लाइसेंस देने से पहले यह तय कर लिया जाए कि रूट चार्ट में दो जुलूस आमने-सामने ना आने पाए। दूसरे संप्रदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस ना पहुंचे। मस्जिद व कब्रिस्तान से गुजरने वाले सड़कों पर विशेष सुरक्षा दी जाए।
स्पॉट देखने के बाद ही मिलेगा जुलूस लाइसेंस
पुलिस एक्ट के तहत जुलूस का लाइसेंस एसडीओ व डीएसपी जारी करने के अधिकारी हैं। ऐसे में कोशिश रहे कि पुराने मार्गों पर ही लाइसेंस दिया जाए। बरसात व अन्य कारणों से यदि नये मार्ग की जरूरत दिखती है तो एसएसपी से पूर्व अनुमति के बाद ही दें। सभी जुलूस का स्कार्ट किया जाएगा।
यहां तैनात रहेगी एंबुलेंस
मुसहरी घाट में एक, चंपानाला विसर्जन घाट में एक व गुड़हट्टा चौक में एक।
पूजा पंडालों की वायरिंग चेक कर एनओसी जारी करेगी बिजली कंपनी
दुर्गा पूजा पर लोहिया पुल व गुड़हट्टा चौक से लेकर विसर्जन घाट तक सफाई-रोशनी की भी व्यवस्था के आदेश दिए गए। असुरक्षित वायरिंग मिलने पर थानेदार, बीडीओ व एसडीओ को जानकारी देंगे। फायर ब्रिगेड वाले भी स्पाॅट वेरिफिकेशन के बाद ही एनओसी देंगे। पंखाटोली के पास मुहर्रम में हुए हादसा को देखते हुए विसर्जन के दौरान तार गिरने की स्थिति में बचाव के लिए क्विक रिएक्शन टीम गठित करने का आदेश दिया गया।
इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
चंपानगर पुल के पास दो, सीटीएस मैदान के पास चार, नाथनगर टमटम चौक के पास दो, परबत्ती चौक के पास दो, तातारपुर चौक के पास दो, स्टेशन चौक के पास तीन, खलीफाबाग चौक के पास दो, कोतवाली चौक के पास दो, आदमपुर चौक के पास दो, छोटी खंजरपुर हनुमान चौक के पास दो, बड़ी खंजरपुर बड़गाछ चौक के पास दो, मुसहरी घाट के पास तीन, डिक्सन मोड़ दो व वेरायटी चौक के पास दो।
यहां लगाए जाएंगे बैरियर
डिक्सन मोड़, घंटाघर चौक, शहीद भगत सिंह चौक के पास खलीफाबाग जाने वाली व अजंता टॉकीज वाली सड़क पर, मुंदीचक रोड, खलीफाबाग चौक से खरमनचक वाली रोड पर, स्टेशन चौक से वेरायटी चौक वाली रोड पर, नया बाजार चौक, कोतवाली चौक मंदिर के पास व काेतवाली चौक पूरब की तरफ।
