भागलपुर : डॉक्टर व थानेदारों का बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप, इंज्युरी स्लिप बिना भी होगा इलाज

भागलपुर / पटना

डिस्कस विथ एसएसपी प्रोग्राम के तहत शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने डॉक्टरों के साथ बैठक की और उनकी समस्या जानी साथ ही समाधान का आश्वासन दिया। एसएसपी ने बताया कि जल्द जिले भर के डॉक्टर और थानेदारों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनेगा, इसमें पुलिस के वरीय अधिकारी जुड़े रहेंगे। ग्रुप के जरिए डॉक्टर अपनी बात या समस्या तुरंत पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। ग्रुप का फायदा आम लोगों को भी मिलेगा। कई बार बिना पुलिस इंज्युरी स्लिप के डॉक्टर सरकारी अस्पताल में जख्मी का इलाज नहीं करते हैं।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ऐसी सूरत में संबंधित थाने से लिखवा कर लाने को कहा जाता है। लेकिन अब इस व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए डॉक्टर जख्मी का डिटेल पुलिस को आसानी से भेज कर उसका इलाज कर सकते हैं। डॉक्टरों ने एसएसपी से डॉक्टर मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट को प्रभावी तरीके से लागू करने का अनुरोध किया। इस पर एसएसपी ने कहा कि आईएमए इस एक्ट से संबंधित प्रावधान, नियम-कानून का पोस्टर, बैनर बना कर सभी क्लीनिकों में लगवाए। इसमें सजा के भी प्रावधान का उल्लेख हो। मरीज या उनके परिजनों को क्या करना है और क्या नहीं, यह भी लिखा रहे, ताकि क्लीनिकों में तोड़फोड़ हंगामा और मारपीट करने की स्थिति में उन्हें पहले से पता रहे कि पुलिस क्या कार्रवाई कर सकती है।

अगले सप्ताह टेम्पो, ई-रिक्शा चालक, बैंकर और स्कूल संचालकों के साथ होगी बैठक

क्लीनिकों व उससे सटे चौक पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे : एसएसपी ने सभी डॉक्टरों से अनुरोध किया कि वे अपने क्लीनिकों, उसके बाहर और क्लीनिकों से लगे एक चौक को गोद लेकर वहां सीसीटीवी कैमरे लगवाए, ताकि किसी भी तरह की घटना होने पर इन कैमरे से मदद ली जा सके।

गश्ती गाड़ी में रहेगा फ़र्स्ट एड किट, पुलिसवालों को मिलेगी ट्रेनिंग : एसएसपी ने बताया कि घटना, दुर्घटना होने पर सबसे पहले पुलिस मौके पर पहुंचती है। इस कारण आईएमए पुलिसकर्मियों को फ़र्स्ट एड की ट्रेनिंग देगी। घटना, दुर्घटना के बाद क्षण भर के गोल्डन पीरियड में जख्मी का प्राथमिकी उपचार होने से उसकी जान बच जाती है। अगर पुलिसवालों को इसकी ट्रेनिंग रहेगी तो आसानी से जख्मी, बेहोश आदि का इलाज का प्राथमिकी इलाज कर सकते हैं। आईएमए की ओर से हर थाने की गश्ती गाड़ी में फ़र्स्ट एड किट दिया जाएगा।

एसएसपी आशीष भारती ने शहर के डॉक्टरों के साथ की बैठक।

इंज्युरी रिपोर्ट देने में नहीं करेंगे देरी

बैठक में एसएसपी की ओर से सरकारी अस्पतालों से देरी से मिलने वाले इंज्युरी रिपोर्ट का मामला उठाया गया। इस पर डॉक्टरों ने कहा अब से इंज्युरी, पोस्टमार्टम आदि रिपोर्ट पुलिस को समय पर मिलेगा। लंबित सारे इंज्युरी रिपोर्ट का निष्पादन जल्द होगा जाएगा। इंज्युरी रिपोर्ट के देरी से मिलने से केस की जांच प्रभावित होती है। एसएसपी ने बताया कि आने वाले सप्ताह में सबसे पहले टेम्पो और ई-रिक्शा चालक, उनके यूनियन के साथ बैठक की जाएगी। टेम्पो और ई-रिक्शा का रूट निर्धारित नहीं है।

बैठक में ये थे शामिल

सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, डीएसपी मुख्यालय एमके सुधांशु, कोतवाली इंस्पेक्टर केएन सिंह, तातारपुर इंस्पेक्टर अमरनाथ प्रसाद, मोजाहिदपुर इंस्पेक्टर अमर विश्वास, इशाकचक इंस्पेक्टर राम एकबाल प्रसाद यादव, आईएमए अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह, पूर्व अध्यक्ष एससी झा, प्रवक्ता संजय कुमार निराला, सदर अस्पताल के पूर्व प्रभारी संजय कुमार व अन्य थानेदार मौजूद थे।