पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक एलसी चतुर्वेदी ने शनिवार को नवगछिया मॉडल स्टेशन का निरीक्षण किया। वे डीआरएम अतुल सिन्हा के साथ स्पेशल ट्रेन से समय से 12 मिनट पहले पहुंचे। जीएम ने रिले रूम और एसएम पैनल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान एसएस नंद किशोर तिवारी से पूछा कि बाइपास कैसे करते हैं। फिर वेटिंग रूम, लेडीज रिटायरिंग रूम, प्रथम श्रेणी विश्रामालय सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस दौरान टीआई को फटकार लगाई। स्टेशन पर बन्द पड़े बुक स्टाल को हटवाने एवं दीवार पर लिखे स्लोगन की जगह फोटो बनाने का निर्देश दिया। इस दौरान लोगों की मांग पर उन्होंने अधिकारियों को दोनों शेड को और लंबा बनाने एवं दूसरा फुटओवर ब्रिज बनाने का निर्देश दिया। जीएम से रेलवे यात्री संघ के पूर्व सदस्य राजेंद्र यादव ने कहा कि प्लेटफॉर्म पर शेड नहीं रहने से लोग बारिश में भीगकर और धूप में खड़े होकर ट्रेन का इंतजार करते हैं। बारिश में प्लेटफॉर्म का पानी यात्रियों के बीच चला जाता है, जिससे उन्हें परेशानी होती है। जीएम ने कहा कि दोनों स्टेशन पर शेड लगवाइए। यात्रियों ने जीएम से कहा कि मॉडल स्टेशन पर एक ही फुटओवर ब्रिज (एफओबी) है, जो टूट कर गिर रहा है। इससे किसी समय बड़ा हादसा हो सकता है। डीआरएम से पूछा गया कि जर्जर एफओबी को क्यों नहीं हटाया गया है। डीआरएम ने कहा कि एक्स्ट्रा फंड में एक और एफओबी बन रहा है। जल्दी ही बन जायेगा। फंड मिलते ही काम शुरू होगा।

स्वच्छता से प्रभावित हो किया पुरस्कृत
जीएम की टीम स्टेशन पर सफाई देख काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर बेहद साफ-सुथरा है। उन्होंने एसएस नंद किशोर तिवारी को उत्कृत सेवा के लिए योग्यता प्रमाण पत्र के साथ 1000 रुपये का चेक और प्वाइंट मैन प्रीतम को भी योग्यता प्रमाण पत्र एवं एक हजार रुपये का चेक दिया।
उर्दू प्रोफेसर से स्टेशन का नाम सही कराएं
शाहिद राजा ने जीएम से कहा कि नवगछिया उर्दू में नौगच्छा लिखा गया है। कई बार कहने के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। इस पर जीएम ने एसएस को कहा कि उर्दू के प्रोफेसर को बुलवाकर दिखाएं और सही लिखवाएं।
जून तक बने जर्जर स्टेशन रोड
जीएम से यात्रियों ने कहा कि 10 वर्षों से स्टेशन को जोड़नेवाली एक मात्र सड़क जर्जर है। लोग रोजाना दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। जीएम ने सड़क नहीं बनने का कारण पूछा और जून तक सड़क बनाने को कहा। जीएम के साथ सीओएम सलिल झा, सीनियर डीसीएम एनके पांडेय, सीनियर डीओएम वीरेन्द्र लाल के अलावा आरपीएफ डीआइजी, एसएसएन के तिवारी, जीआरपी थानाध्यक्ष भोला महतो उपस्थित थे।
मांगों का ज्ञापन सौंपा
जीएम के आगमन पर यात्रियों ने उन्हें मांगों का ज्ञापन सौंपा। आजाद हिंद मोर्चा के राजेन्द्र जी ने स्टेशन पर रैक प्वाइंट पर प्रतिवर्ष 300 माल गाड़ियों की आवाजाही में कार्यरत मजदूरों के शोषण पर रोक लगाने, रेलओवर ब्रिज का काम पूरा करने, नवगछिया, कटरिया, बिहपुर, नारायणपुर स्टेशन पर शेड की व्यवस्था, रेल रोड से सब्जी हाट हटाने, रेल मालगोदाम को टीएमएस सिस्टम से जोड़ा जाय।
