नवगछिया / नारायणपुर – नवगछिया अनुमंडल के नारायणपुर प्रखंड के गंगा तटवर्ती बैकठपुर दुधैला पंचायत के वार्ड संख्या पाँच दुधैला गांव में पिछले एक सप्ताह से जारी कटाव में अब तक 150 परिवारों के बेघर हो जाने की सूचना है. बेघर परिवारों ने पंचायत के दक्षिणी भाग में शरण लिया है. भीषण कटाव को देखते हुए नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी डॉक्टर आदित्य प्रकाश के निर्देश पर शुक्रवार को अल सुबह नारायणपुर के सीओ हो पंचायत पहुंच गए हैं. देर शाम अनुमंडल पदाधिकारी डॉक्टर आदित्य प्रकाश ने पीड़ितों के लिए सुल्तानगंज से तत्कालिक राहत सामग्री चूड़ा, गुड़, दियासलाई, प्लास्टिक सीट आदि सामग्री भिजवाया है. प्रशासनिक स्तर से अब तक 120 परिवार के बेघर हो जाने की बात कही जा रही है जबकि देर शाम तक 80 परिवार के मुखिया की सूची बना ली गई. नारायणपुर सीओ रात्रि में दुधैला गांव में ही कैंप कर रहे थे. नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी डॉक्टर आदित्य प्रकाश नेम कहां है कि पीड़ितों की हर संभव मदद की जाएगी प्रशासन इसके लिए काफी मुस्तैद है.
अपने घरों से सामान निकाल रहे हैं लोग
दुधैला गांव में जो लोग कटाव के एकदम मुहाने पर आ गए हैं वह लोग अपने घरों से सामान निकाल रहे हैं और उसे सुरक्षित स्थानों पर जाकर रख रहे हैं. कई लोग अपने घरों को तोड़ भी रहे हैं. ग्रामीण स्तर से मिली जानकारी के अनुसार करीब 2 किलोमीटर के क्षेत्र में भी संकट और प्रभावी है. कितनी दूरी में गंगा नदी कहीं 1 मीटर तो कहीं 2 मीटर एक साथ कटाव कर रही है. बेघर परिवार के लोगों सिकंदर मंडल, रामबालक मंडल, कमलेश्वरी अमिन, शांति देवी, बौकू ठाकुर, पलटन झा, मुखिया अरविंद मंडल, अरूण मंडल, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि राजीव मंडल, संजय भारती आदि लोगों ने बताया कि देखते ही देखते गंगा नदी ने पूरे 5 नंबर वार्ड को अपने आगोश में समा लिया. पंचायत के लिए क्या भीषण त्रासदी की घड़ी है. पीड़ितों को एक तरफ राहत सामग्री की आवश्यकता है तो दूसरी तरफ प्रभावी कटाव निरोधी कार्य तत्कालिक रूप से भी करने की जरूरत है. ग्रामीणों ने बताया कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो पूरे गांव पर अस्तित्व संकट मंडराने लगेगा और कम से कम 500 परिवार बेघर हो जाएंगे.
अब तक शुरू नहीं हुआ बचाव कार्य
भीषण कटाव के बाद भी जल संसाधन विभाग ने अब तक बचाव कार्य शुरु नहीं किया है. पदाधिकारी के अधिकार से जब मामले की छानबीन की गई तो पता चला कि पूरा पंचायत खगड़िया जल संसाधन विभाग के अंतर्गत आता है. इसलिए खगड़िया जल संसाधन विभाग के अस्तर से ही कठिन विरोधी कार्य किया जा सकता है. पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी डॉक्टर आदित्य प्रकाश ने खगरिया के जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों से बातचीत की और जल्द से जल्द कटाव निरोधी कार्य शुरू करने का निर्देश दिया. इस बाबत अनुमंडल पदाधिकारी ने वरी पदाधिकारियों को रिपोर्ट भी भेजा है. शुक्रवार को ही नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर खगड़िया जल संसाधन विभाग के एक कनीय अभियंता ने गांव पहुंचकर कटाव का जायजा लिया है.
बीमार और गर्भवती महिलाओं के लिए की जाएगी इलाज की व्यवस्था
पदाधिकारियों के स्तर से कटाव प्रभावित गांव का निरीक्षण करने के बाद बात सामने आई है कि बेघर हो गए परिवारों में कुछ गर्भवती महिलाएं व बीमार लोग भी शामिल है. जिनकी की स्थिति काफी खराब हो रही है. पूरे मामले को देखते हुए नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी डॉक्टर आदित्य प्रकाश ने गांव में ही इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को दिया है. उन्होंने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को यह भी कहा है कि अगर गांव में इलाज संभव हो तो ठीक है अगर गांव में इलाज संभव नहीं हो ऐसे लोगों को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल या नारायणपुर पीएचसी लाने की व्यवस्था तत्काल कर दी जाए.
