ललन हत्याकांड : चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस शूटरों की पुलिस ने की पहचान

Crime Reoprts

नवगछिया : गोपालपुर थाना क्षेत्र के मकंदपुर चौक पर बुधवार को हुए गिट्टी बालू व्यवसायी ललन कुमार साह के हत्या मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सिंधिया मकंदपुर निवासी लूटन साह, मुकुल चौधरी, सुभाष चौधरी, प्रकाश साह को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का दावा है कि हत्या की घटना को अंजाम देने वाले दो शूटरों की भी पहचान कर ली गयी है. जल्द ही दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. पुलिस ने हत्याकांड के सिलसिले में एक प्रेस रिलीज जारी कर इस तरह की सूचना दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी गिरफ्तार लोगों से पूछ ताछ की जा रही है. शूटरों की पहचान वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कर ली गयी है. इधर इस मामले में मृतक की मां शारदा देवी ने मामले की प्राथमिकी गोपालपुर थाने में दर्ज करायी है. जिसमें गांव के ही लूटन साह, मुकुल चौधरी, सुभाष चौधरी, बोढ़न चौधरी के अलावा दो अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. मालूम हो कि बुधवार की शाम सात बजे गिट्टी बालू व्यवसायी राजीव साह उर्फ ललन साह की हत्या शाम सात बजे उसके डिपो स्थित झोपड़ीनुमा कार्यालय में कर दी गयी थी. घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आयी थी और अनुसंधान प्रारंभ कर उसी दिन मामले में प्रकाश साह की गिरफ्तारी कर ली थी. हत्या का कारण व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा बताया जा रहा है. अनुसंधान के क्रम में बात सामने आयी है कि ललन ने काफी कम समय में ही अपने व्यवसाय को काफी बढ़ा लिया था. जिससे वह इलाके के बड़े गिट्टी बालू कारोबारी के रुप में जाना जाने लगा था. इसके बाद उसके कुछ पड़ोसियों सहित अन्य लोगों की ललन के प्रति नजरें टेढ़ी थी. इसी खुन्नस में ललन की हत्या कर दी गयी. इधर ललन के घर पर नवगछिया एसपी के निर्देश पर पुलिस की प्रतिनियुक्ति की गयी है. घटना के बाद से ललन के घर में मातमी माहौल है. नवगछिया के एसपी पंकज सिंहा ने कहा कि ललन की हत्या व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा के कारण की गयी है. मामले में चार नामजद लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. बांकी दो शूटरों की भी पहचान कर ली गयी है जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!