NAUGACHIA NEWS

THE SOUL OF CITY

नवगछिया : एमडीएम में कीड़ा मिलने पर छात्रों ने किया सड़क जाम, स्कूल में हंगामा

आदर्श मिडिल स्कूल लतरा में मंगलवार को मध्याह्न भोजन (एमडीएम) में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया। भोजन में कीड़ा मिलने से नाराज छात्र-छात्राओं ने खाना खाने से इनकार कर दिया। इसके बाद आक्रोशित बच्चों ने सुबह करीब 10 बजे नवगछिया-तिनटंगा करारी सड़क को बांस और चौकी लगाकर जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया।

Whatsapp group Join

घटना की सूचना मिलते ही बीईओ घनश्याम पासवान, स्कूल शिक्षक अनिल अनल तथा गोपालपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

आठवीं कक्षा की छात्राएं सोनाली कुमारी, सुहानी कुमारी समेत अन्य बच्चों ने बीईओ को बताया कि स्कूल में नियमित पढ़ाई नहीं होती है और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी खराब रहती है। छात्रों का आरोप था कि इससे पहले भी भोजन में कीड़े निकल चुके हैं, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद स्कूल प्रबंधन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

बीईओ ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे बाद छात्रों ने सड़क जाम हटाया और आवागमन सामान्य हो सका।

हालांकि इसके बाद भी विद्यार्थी और ग्रामीण स्कूल परिसर पहुंचकर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने स्कूल में साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार की मांग की।

कुछ देर बाद बीईओ और पुलिस अधिकारी दोबारा स्कूल पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।

वहीं स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनीता देवी ने कहा कि एमडीएम तैयार करने के दौरान साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

चोर चोर चोर.. कॉपी कर रहा है