नवगछिया : रंगदारी, मारपीट और फायरिंग मामले में आरोपी गिरफ्तार
नवगछिया पुलिस ने रंगदारी, मारपीट और फायरिंग के एक मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस संबंध में एसपी कार्यालय द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई।
जानकारी के अनुसार, मामला 6 अप्रैल 2025 का है। गोपालपुर थाना क्षेत्र निवासी सोसित कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के चंदन मंडल और उसके 5-6 साथियों ने गंगा नदी में भैंस नहलाने के बदले रंगदारी की मांग की थी।
विरोध करने पर आरोपियों ने सोसित कुमार और उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज, मारपीट तथा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।

इस मामले में गोपालपुर थाना में कांड संख्या-106/25 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त चंदन मंडल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन मंडल, पिता ब्रह्मदेव मंडल, निवासी नवटोलिया, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गोपालपुर थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी चंदन मंडल क्षेत्र में लोगों से रंगदारी मांगने और मारपीट करने जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

