नवगछिया : सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद
नारायणपुर| सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने के मामले में भवानीपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 17 मई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक हथियार चमकाते और प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की गई।
तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय स्तर पर की गई जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के अमरपुर निवासी राजेश कुमार (पिता- डोमन राम) के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया। इस मामले में भवानीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

