नवगछिया : निर्माणाधीन बेली पुल का पथ निर्माण विभाग के सचिव ने किया निरीक्षण
नवगछिया| पथ निर्माण विभाग के सचिव, नवगछिया पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से तथा निर्माणाधीन बेली पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर चल रहे मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य में लगी एजेंसियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन एवं आम लोगों की सुविधा को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सेतु पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं दुर्घटना की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अभियंता, प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
पदभार संभालते ही प्रमंडलीय आयुक्त ने किया विक्रमशिला सेतु का निरीक्षण
भागलपुर| भागलपुर प्रमंडल के नवनियुक्त प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद विक्रमशिला सेतु का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से का जायजा लिया और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त के साथ डॉ. नवल किशोर चौधरी, तकनीकी अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयुक्त को बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से पर Border Roads Organisation (BRO) की देखरेख में 49 मीटर लंबा बेली ब्रिज तैयार किया जा रहा है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह बेली ब्रिज अस्थायी रूप से हल्के वाहनों के परिचालन के लिए बनाया जा रहा है, जिससे भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को राहत मिल सकेगी।
प्रमंडलीय आयुक्त ने निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कार्य को समय पर पूरा किया जाए ताकि यातायात जल्द से जल्द सुचारु हो सके।

