नवगछिया में हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद
इस्माईलपुर थाना पुलिस की कार्रवाई, गुप्त सूचना पर टोटो वाहन से पकड़े गए दोनों आरोपी
नवगछिया पुलिस ने अपराध और अवैध हथियार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक टोटो वाहन बरामद किया गया है। इसकी जानकारी रविवार देर शाम एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 को इस्माईलपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि टोटो पर सवार दो युवक अवैध हथियार लेकर रघुनी टोला होते हुए छोटी परबत्ता की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और गंगा चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध टोटो को रोककर तलाशी ली। तलाशी में दोनों युवकों के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया तथा टोटो वाहन को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान छोटी परबत्ता निवासी मुन्ना कुमार (पिता- फागो मंडल) और नितिश कुमार (पिता- घनश्याम मंडल) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ इस्माईलपुर थाना कांड संख्या 91/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26/35 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक नेटवर्क और हथियार के स्रोत की भी जांच की जा रही है।

