नवगछिया : धीमी रफ्तार पर अभियंता प्रमुख भड़के, एजेंसी को दी कार्रवाई की चेतावनी
इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध पर चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का शनिवार दोपहर बाद जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख ई. वरुण कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने निर्माण एजेंसी को जमकर फटकार लगाई और काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।
विभाग की ओर से स्पर संख्या सात व आठ के बीच 256 मीटर तथा स्पर आठ व नौ के बीच 740 मीटर क्षेत्र में सीट पाइलिंग, बोल्डर क्रेटिंग और मिट्टी भराई कर तटबंध को पुराने स्वरूप में लाने का कार्य कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अभियंता प्रमुख ने कहा कि निविदा की शर्तों के अनुसार हर हाल में कटाव निरोधी कार्य समय पर पूरा करना होगा। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि “बेशर्मी से काम क्यों करते हैं, मजदूरों की संख्या बढ़ाकर तेजी से कार्य कराइए, नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहिए।”

उन्होंने कहा कि मानसून दस्तक दे चुका है और गंगा नदी का जलस्तर कभी भी बढ़ सकता है। ऐसे में कार्य करना और मुश्किल हो जाएगा। बताया गया कि स्पर सात व आठ के बीच सीट पाइलिंग मशीन खराब होने से 56 मीटर क्षेत्र में काम अधूरा है। इस पर अभियंता प्रमुख ने तत्काल बोल्डर क्रेटिंग का लेयर पूरा कर मिट्टी भराई व कंपैक्शन कराने का निर्देश दिया।
वहीं स्पर आठ व नौ के बीच 1076 सीट पाइलिंग के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक मात्र 48 सीट पाइलिंग ही हो सकी है। साथ ही कार्यस्थल पर केवल 48 स्टील सीट उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। इस पर उन्होंने आवश्यकतानुसार स्टील सीट का भंडारण तत्काल सुनिश्चित करने और नाव से बोल्डर मंगाने का निर्देश दिया।
कार्य की धीमी गति से तटवर्ती गांवों के लोग संभावित खतरे को लेकर चिंतित हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ई. जयप्रकाश पासवान, अधीक्षण अभियंता ई. सुबोध चौधरी, कार्यपालक अभियंता ई. मुकेश कुमार, सहायक अभियंता ई. अमितेश कुमार, जेई रविंद्र कुमार एवं संजीत माझी मौजूद थे।

