नवगछिया पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी और अहम कार्रवाई को अंजाम दिया है। न्यायालय के आदेश एवं औषधि निपटान समिति के निर्देशन में पुलिस द्वारा जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधि-सम्मत तरीके से विनष्टीकरण (नष्टिकरण) कराया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान कुल 1686.016 किलोग्राम गांजा एवं 228 ग्राम स्मैक को नष्ट किया गया। ये सभी मादक पदार्थ विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान, छापेमारी और वाहन जांच के दौरान बरामद किए गए थे, जिन्हें विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुरक्षित रूप से संरक्षित रखा गया था।
विनष्टीकरण की यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई गई। इस दौरान संबंधित न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए सक्षम पदाधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित की गई, ताकि पूरी कार्रवाई की निगरानी निष्पक्ष तरीके से हो सके।

मादक पदार्थों के नष्टिकरण के लिए भागलपुर स्थित Synergy Waste Management Pvt. Ltd. की सेवाएं ली गईं। इस कंपनी द्वारा पर्यावरणीय मानकों एवं विधि-सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए वैज्ञानिक तरीके से मादक पदार्थों का निपटान किया गया, जिससे किसी प्रकार का पर्यावरणीय या स्वास्थ्य संबंधी खतरा उत्पन्न न हो।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

