नवगछिया : हत्या कांड का 24 घंटे में खुलासा, महिला सहित 3 गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध

Crime Reoprts

भागलपुर/नवगछिया। बिहपुर थाना क्षेत्र के भगवतीपुर गांव में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल अवैध हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

यह घटना 20/21 अप्रैल 2026 की रात करीब 12:30 बजे हुई थी। अज्ञात अपराधियों ने प्रकाश मंडल के घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बिहपुर थाना पुलिस और एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया, जिसमें बिहपुर थानाध्यक्ष, अन्य पुलिस अधिकारी और डीआईयू टीम के सदस्य शामिल थे। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का पर्दाफाश किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लत्तीपुर निवासी निखिल कुमार, कठौतिया सोनवर्षा निवासी दिवाकर कुमार और भगवतीपुर निवासी सुषमा कुमारी के रूप में हुई है।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि हत्या का मुख्य कारण प्रेम प्रसंग था। मृतक प्रकाश मंडल की छोटी बहू सुषमा कुमारी और संजीव कुमार के बीच अवैध संबंध थे। करीब एक महीने पहले ग्रामीणों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था, जिसके बाद पंचायत के जरिए मामला शांत कराया गया था। इसी रंजिश और आक्रोश में हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दिवाकर कुमार के घर से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवगछिया के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सटीक जांच के चलते 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

फिलहाल मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।