डीएवी खगौल का छात्र रोहित राज 496 अंकों के साथ सीबीएसई 10वीं में बिहार टॉपर बना है। उसे 99.2 फीसदी अंक मिले हैं। वहीं डीएवी दानापुर के छात्र शिवम राज और नोट्रेडम अकादमी मुंगेर की छात्रा सौम्या शर्मा दोनों 495 अंकों के साथ सेंकेड बिहार टॉपर हैं। पटना जोन की बात करें तो डीएवी खगौल के रोहित राज और धनबाद डीपीएस के मैत्री शांडिल्य 496 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं। पटना जोन का तृतीय टॉपर पटना के लोयला हाई स्कूल का मानस चौधरी है। उसे 98.8 फीसदी अंक मिले हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आठ साल बाद सीबीएसई की ओर से मार्क्सशीट पर अंक दिये गये हैं। पटना जोन से 87.81 फीसदी परीक्षार्थी सफल हुए हैं। इसमें बिहार से 88.12 फीसदी और झारखंड से 87.43 फीसदी विद्यार्थियों को सफलता मिली है। 2009 के बाद इस साल ग्रेड के साथ अंक भी दिए गए हैं।
दो महीना पहले से ही की तैयारी : पटना के लोयला स्कूल के छात्र मानस चौधरी को 98.8 प्रतिशत अंक मिले हैं। इंद्र भूषण चौधरी और पिंकी चौधरी के बड़े बेटे मानस की सफलता पर लोयला स्कूल में खुशी का माहौल है। मानस ने बताया कि वह नियमित रूप से 2 से 3 घंटे की पढ़ाई करता था। हालांकि मार्च में एग्जाम शुरू होने से पहले 2 महीने पहले से ही वह तैयारी में जुट गया। सभी विषय को बार बार रिवाइज किया। नोट्स बनाए और उसे लिखने का अभ्यास किया। रिवीजन करने में उसके मम्मी पापा ने काफी मदद की। मानस ने बताया कि 2 महीने तक उसने बिल्कुल पढ़ाई पर कंसंट्रेट किया और इसी का परिणाम है कि उसे अच्छा रिजल्ट मिला। मानस अपने परिवार के साथ नेहरू नगर पाटलीपुत्रा में रहता है उसका एक छोटा भाई ऋषभ चौधरी है जो कक्षा सात में पढ़ता है मानस को मैथ्स और फिजिक्स में अधिक रुचि है।

कंपार्टमेंटल 16 जुलाई को, 21 हजार बैठेंगे : इस साल पटना जोन से कुल 1 लाख 83 हजार 445 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसमें 1 लाख 61 हजार 078 परीक्षार्थी सफल हुए हैं। 1284 परीक्षार्थी असफल हुए और 21 हजार 75 परीक्षार्थी एक या दो विषयों में फेल हो गये हैं। इन्हें कंपार्टमेंटल परीक्षा में शामिल होना होगा। परीक्षा में 12.19 फीसदी छात्र अनुत्तीर्ण रहे।
छात्र से बेहतर रहा छात्राओं का रिजल्ट
पटना जोन में छात्र से अधिक छात्राओं का रिजल्ट बेहतर हुआ है। जहां 1 लाख 60 हजार 687 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, उसमें 87.03 फीसदी छात्र सफल हुए हैं। वहीं, 62 हजार 787 छात्राएं शामिल हुई थीं। इसमें 89.30 फीसदी छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। छात्रों की तुलना में लगभग तीन फीसदी छात्राएं अधिक सफल हुई हैं।
बिहार का रिजल्ट एक नजर में
कुल रजिस्टर परीक्षार्थी – 1,29,210
परीक्षा में शामिल कुल परीक्षार्थी – 1,27,265
कुल उत्तीर्ण परीक्षार्थी – 1,12,152 (88.12 फीसदी)
