नवगछिया में छात्रों को बेहतर सुविधा और पढ़ाई के लिए सरकार ने साहू परबत्ता में 13 करोड़ रुपए की लागत से आईटीआई कॉलेज का भवन बनवाया है। भवन बनकर तैयार है, लेकिन हैंडओवर नहीं होने के कारण अभी इस भवन में आईटीआई की पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई है। भवन के इंजीनियर नीरज कुमार की मानें तो भवन पूर्ण रूप से तैयार है। मगर हैंड ओवर नहीं हो पाया है। उनका कहना है कि कॉलेज के प्राचार्य ने अब तक हैंडओवर नहीं लिया है। वहीं संस्थान के इंस्ट्रक्टर मनोज साह ने कहा कि भवन में कुछ काम बाकी है जिस कारण भवन को हैंडओवर नहीं लिया गया है। संभवत इस माह तक भवन हैंडओवर हो जाएगा जिसके बाद क्लास उसी भवन में चलेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस भवन का शिलान्यास गोपालपुर विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने 4 सितंबर 2019 को किया था। दूसरी ओर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नवगछिया चार साल से किराये के मकान में चल रहा है। यह पहले भागलपुर में संचालित किया जाता था। मगर वर्ष 2018 से यह नवगछिया जाह्नवी चौक के पास दो कमरों के मकान में संचालित किया जा रहा है। संस्थान के इंस्ट्रक्टर मनोज साह ने बताया कि हर माह करीब 19 हजार रुपए किराया देना पड़ रहा है। ऐसे में लगभग अभी तक करीब 10 लाख रुपए किराये पर खर्च हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज में 300 छात्रों का नामांकन है जिसमें पहले सेमेस्टर में 130 छात्र और सेकंड सेमेस्टर में 125 छात्र हैं।
जल्द नए भवन में शिफ्ट होगा आईटीआई कॉलेज : विधायक
गंगोत्री जागरण मंच के प्रदेश अध्यक्ष सह जदयू जिला उपाध्यक्ष गुलशन मंडल ने कहा कि 2019 में ही आईटीआई कॉलेज का भवन बनकर तैयार हो गया है। मगर अब तक कॉलेज को यहां शिफ्ट नहीं किया गया है। छोटी सी जगह में भाड़े पर कॉलेज चलाया जा रहा है। इससे छात्रों को काफी दिक्कत हो रही है।

उन्होंने कहा कि आईटीआई कॉलेज बनने के बाद चालू नहीं होना इसमें विभाग, ठेकेदार या फिर कर्मियों की लापरवाही दिख रही है। जिसका खामियाजा छात्र भुगत रहे हैं। इस संबंध में वरीय पदाधिकारी से बात की जाएगी। वहीं विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने कहा कि आईटीआई कॉलेज अब तक प्राइवेट मकान में चल रहा है। इसकी जानकारी नहीं थी। जल्द ही सरकारी भवन जो बनकर तैयार है उसमें क्लास चालू करवाया जाएगा।
