नवगछिया : खरीक में शुक्रवार की शाम प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे लोगों के साथ मारपीट में महिला के घायल होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यवसायियों ने शनिवार को खरीक बाज़ार में दुकान बंद रखा। शाम में पुलिस पदाधिकारियों के समझाने के बाद व्यवसायी माने और दुकानें खोलीं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शुक्रवार की शाम हुई घटना में एक पक्ष से बेचन पंडित की पत्नी सुनैना देवी गंभीर रूप से घायल हो गयी थी। शनिवार को एक पक्ष के व्यवसायियों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बाजार बंद कर दिया। सूचना पर नवगछिया एसडीओ उत्तम कुमार, एसडीपीओ दिलीप कुमार खरीक थाना पहुंच कर बाजार के व्यवसाइयों के साथ बैठक की और लोगों को समझाया।
बैठक में दोनों पक्ष के लोग शामिल हुए। शांति समिति में मौजूद लोगों ने पदाधिकारियों से कहा कि हर हाल में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और पांच मार्च तक घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाय। एसडीओ और एसडीपीओ ने आश्वासन देते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर दोषी बचेंगे नहीं और निर्दोष फंसेगे नहीं। सभी लोगों से अपील की कि दोषियों की सिफारिश नहीं कीजिएगा।

इसके बाद व्यवसायी मानने को तैयार हुए। देर शाम दुकानें खुलने लगीं। मौके पर बीडीओ राजीव रंजन कुमार, सीओ निशांत कुमार, थानाध्यक्ष सूबेदार पासवान, प्रमुख शंकर प्रसाद यादव उर्फ दल्लु यादव, उप प्रमुख मजहरूल हक, अजीत जैन, आजाद अंसारी समेत अन्य मौजूद थे।
