प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार के दूसरे कार्यकाल में पहले पूर्ण बजट को ‘ग्रीन बजट’ का नाम दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश को समृद्ध और जन-जन को समर्थ बनाने वाला है। इससे आने वाला कल बेहतर होगा और विकास को रफ्तार मिलेगी। नए भारत के निर्माण में भी यह अहम कड़ी साबित होगा। .
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से शुक्रवार को लोकसभा में आम बजट प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद प्रधानमंत्री ने इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस बजट में पर्यावरण, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और सौर ऊर्जा के क्षेत्र पर विशेष बल दिया गया है। देशभर में प्रदूषण के बढ़ते प्रभाव को कम करने के लिए यह महत्वपूर्ण पहल है। पर्यावरण को ध्यान में रखकर बजट में कई योजनाओं के प्रस्ताव किए गए हैं, इसलिए यह एक ग्रीन बजट है। .

गरीबों को बल मिलेगा :प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बजट से गरीब को बल मिलेगा और युवाओं को बेहतर कल। इसमें मध्यम वर्ग की उम्मीदों का भी ख्याल रख गया है। आज लोगों के जीवन में नई आकांक्षाएं और अपेक्षाएं हैं। यह बजट समाज के विभिन्न वर्गों को विश्वास दे रहा है कि दिशा और गति सही है, इसलिए लक्ष्य तक पहुंचना तय है। .
विकास का पावर हाउस : प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले पांच साल में देश निराशा के वातावरण को पीछे छोड़ चुका है। आज देश उम्मीदों और आत्मविश्वास से भरा हुआ है। सरकार ने गरीब, किसान, दलित, शोषित और वंचित को सशक्त करने के लिए चौतरफा कदम उठाए हैं। अगले पांच वर्षों में यही सशक्तिकरण उन्हें देश के विकास का पावर हाउस बनाएगा। .

1. सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि आम बजट से तेजी से विकास सुनिश्चित हो पाएगा। यह सर्वसमावेशी बजट है और इसमें हर वर्ग के हित का ख्याल रखा गया है। प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को बढ़ाने का जिक्र किया गया है, जिससे मेक इन इंडिया मुहिम को गति मिलेगी।
2. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आम बजट से देश का सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा। इसमें समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं हैं। महिलाओं में उद्यमशीलता को बढ़ावा देने पर भी खास ध्यान दिया गया है।
3. मोदी ने कहा,बजट में स्वच्छ भारत मिशन की तर्ज पर हर घर के नल में जल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव किया गया है। सरकार जलसंकट से निपटने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, जलसंकट दूर करने के लिए जल संचय जरूरी है और यह जनभावना से संभव हो सकता है।
4. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट देश में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरिक्ष से जुड़ी योजनाओं का फायदा आम लोगों तक पहुंचे, इसके लिए खास व्यवस्था की जा रही है।
5. प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट में आर्थिक सुधार, नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के साथ ही गांव व गरीब के कल्याण की योजनाएं भी शामिल हैं। उद्यमियों व उद्योगों को मजबूत बनाने और देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए बजट में प्रस्ताव किए गए हैं। इस बजट से कर व्यवस्था में सरलीकरण और आधारभूत ढांचे का आधुनिकीकरण होगा।
