भागलपुर; भीषण गर्मी के बीच बिजली के लिए तरस रहे शहरवासियों को बुधवार को तेज हवा व बारिश ने राहत तो दी, लेकिन बिजली कंपनी और नगर निगम की पोल खोल दी। 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा व बारिश में सिविल कोर्ट एरिया में बिजली का खंभा टूट गया। निगम दफ्तर के पास ट्रांसफॉर्मर गिरा तो अफरातफरी मच गई। पूरे शहर की बिजली गुल हो गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!निगम परिसर समेत मेडिकल कॉलेज रोड, पुलिस लाइन राेड, घूरनपीर बाबा चौक समेत करीब दर्जनभर से ज्यादा स्थानों पर पेड़ गिर गए और ट्रैफिक भी बाधित हो गया। 15 एमएम हुई बारिश ने शहर के सभी नालों को उफान पर ला दिया। भोलानाथ पुल समेत अन्य हिस्सों में पानी जमा हुआ तो लोगों की आवाजाही बाधित हो गई। इधर, डीएम प्रणव कुमार ने गर्मी और मौसम को देखते हुए सभी स्कूलों काे 29 जून तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।

नहीं काटे खतरनाक पेड़ बाल-बाल बचे लोग
नगर निगम और वन विभाग की लापरवाही से शहर में दर्जनभर से ज्यादा स्थानों पर खड़े खतरनाक पेड़ों से लोग बाल-बाल बच गए। करीब 12 स्थानों पर पेड़ गिर पड़े। बिजली और टेलीफोन के तार कई स्थानों पर टूटे। नगर निगम परिसर में एक पेड़ गिरा तो अपनी गाड़ी में सवार मेयर सीमा साहा बाल-बाल बच गईं। कचहरी चाैक के पास डॉ. एसपी सिंह के क्लिनिक के पास पेड़ गिर गया।

डॉ. सिंह ने बताया कि 2 नवंबर, 2016 को ही उन्हाेंने वन विभाग को पत्र लिखा था। उन्हें बताया था कि पेड़ की जड़ में आग लगी है, यह बुझती नहीं है। वन विभाग ने ध्यान नहीं दिया। डीएम को भी 26 नवंबर, 2018 को पत्र लिखकर जानकारी दी थी।

घंटेभर जमकर बरसा पानी, दो दिनों में होगी हल्की बारिश
बुधवार को घंटेभर तक बादल जमकर बरसे। मौसम विभाग ने 15 एमएम बारिश दर्ज की। दोपहर दो बजे से काले बादल छाए और धूलभरी आंधी चलने लगी। 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा के बीच बादल बरस पड़े। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की यह दूसरी बारिश है, लेकिन यह पहली तेज बारिश है। 22 जून को 10 एमएम बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार, मानसूनी बादल दो दिनों तक छाए रहेंगे। दो दिन हल्की बारिश हो सकती है। 30 जून को मानसून रफ्तार पकड़ेगा। हालांकि इस बीच उमस भरी गर्मी रहेगी।
