भागलपुर : विक्रमशिला एक्सप्रेस एक, चार व सात जुलाई को रद्द रहेगी

भागलपुर / पटना

भागलपुर । अग्निपथ योजना के विरोध का असर अब ट्रेनों पर साफ दिखने लगा है। भागलपुर से खुलने वाली भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस सामान्य ढंग से अभी तक नहीं चल पा रही है। रैक की कमी के कारण मंगलवार को भी यह ट्रेन रद्द रही। अब आगे भी रद्द की तिथि घोषित कर दी गयी है। इस कारण मंगलवार को यात्रियों को परेशानी हुई।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

स्टेशन पर कई लोग पहुंच चुके थे। जनसेवा एक्सप्रेस में भीड़ दिखी। सीपीआरओ एकलव्य चक्रवर्ती ने बताया कि विक्रमशिला एक्सप्रेस भागलपुर से एक जुलाई, चार और सात जुलाई को रद्द रहेगी। जबकि आनंद विहार से यह ट्रेन दो जुलाई, पांच और आठ जुलाई को रद्द रहेगी। इसको लेकर पूर्व रेलवे ने अधिसूचना जारी कर दी है।

पीरपैंती में रोड ओवरब्रिज के लिए भी ट्रेनों का परिचालन रहेगा अस्त-व्यस्त

पीरपैंती स्टेशन पर रोड ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को लेकर ट्रेनों का परिचालन अभी कुछ दिनों तक अस्त-व्यस्त रहेगा। 28 जून से छह जुलाई तक कई चरणों में नौ दिवसीय ट्रैफिक और पावर ब्लॉक की योजना बनायी गयी है। इस कारण कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है तो कुछ को शार्ट टर्मिनेट किया गया है। साहिबगंज-भागलपुर-साहिबगंज पैसेंजर स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन जुलाई एवं पांच जुलाई को रद्द रहेगी।

जबकि जमालपुर-साहिबगंज-जमालपुर पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी दोनों दिशाओं में तीन जुलाई को नहीं चलेगी। जमालपुर-साहिबगंज-जमालपुर पैसेंजर स्पेशल पांच जुलाई को सिर्फ कहलगांव तक ही चलेगी। भागलपुर के रास्ते चलने वाली रामपुरहाट-गया पैसेंजर स्पेशल ट्रेन तीन जुलाई को साहेबगंज से ही लौट जायेगी। बताया गया कि भागलपुर-साहिबगंज पैसेंजर स्पेशल मंगलवार को विलंब से चली।