भागलपुर में सेंट्रल जेल के पास पिक अप वैन और ट्रैक्टर में भीषण टक्कर में 2 लोगों की मौत

भागलपुर / पटना

भागलपुर में एक पिक अप वैन और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत की सूचना आ रही है। सेंट्रल जेल के सामने हादसा हुआ है, जिसमें पिक अप वैन चालक मनोज कुमार और अजय की मौके पर ही मौत हो गई है। इधर, पटना के कुंडी गांव में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जिसको लेकर स्थानीय लोगों ने बाढ़-सरमेरा रोड को जाम कर दिया है। पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय और यातायात थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में कर लिया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल ट्रैक्टर चालक का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि हादसा सेंट्रल जेल के पास हुआ है। ट्रैक्टर पर नमक लदा हुआ था जबकि पिक वैन सब्जी से लदा हुआ था। दोनों की आमने-सामने से टक्कर हुई है।

घटनास्थल से एक ही व्यक्ति की लाश बरामद हुई है जबकि दूसरे की तलाश जारी है। यातायात थानाध्यक्ष रवींद्र महतो ने बताया कि एक मृतक अजय कुमार का ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ है। इसके अलावा एक अन्य लाश अभी तक नहीं मिल पाई है। ट्रैक्टर चालक के फरार हो जाने की आशंका है।

लोगों ने किया सड़क जाम

इधर, पटना के कुंडी गांव से भी सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत की सूचना आ रही है। घटना पंडारक थाना क्षेत्र की है, जहां ब्रह्मस्थान के पास बाढ़ शहरी-सरमेरा रोड पर अज्ञात वाहन एक व्यक्ति को रौंदते हुए निकल गई। वह सड़क पार कर रहा था। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

बाढ़ शहरी-सरमेरा रोड पर मृतक के शव के साथ लोगों ने प्रदर्शन किया।

मृतक की पहचान कुमार सुधांशु उर्फ पप्पू सिंह (51 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।

छपरा में एक वृद्ध की सड़क हादसे में मौत

छपरा के मैथवलिया गांव के पास छपरा-सीवान NH-85 पर एक वृद्ध की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना रिविलगंज थाना क्षेत्र की है, जहां 66 वर्षीय कुदन राम अपने ससुराल की शादी में शामिल होने गए थे। रास्ते में छपरा-सीवान NH-85 पर एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने धक्का दे दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक कुदन राम परशुराम गांव के रहने वाले थे। मामले में उनकी पत्नी सुषमावती देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। भगवान बाजार थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बारात से लौट रहे अधेड़ की सड़क हादसे में गई जान

सीवान के शहरकोला में भी सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ की मौत की सूचना है। मलमलिया-सीवान मुख्य सड़क पर देर रात बारात से लौट रहे तीन बाइक सवार को चार चक्का वाहन ने जोरदार टक्कर मारी, जिसमें 45 वर्षीय अक्षयलाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक और एक अन्य परिजन की हालत गंभीर है। मृतक जनता बाजार थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।