बिहार राज्य पथ परिवहन निगम अब निजी भागदारी योजना के तहत राज्यभर में बसें चलाने की तैयारी में जुट गया है। भागलपुर, मुंगेर व जमुई डिपो से राज्य के 77 सड़क मार्गों पर 154 बसों के परिचालन की कवायद है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!क्षेत्रीय प्रबंधक ने राज्य मुख्यालय को निजी भागदारी के तहत वाहन परिचालन के लिए निविदा निकालने के लिए पत्र लिखा है। पत्र में हर मार्ग पर दो-दो गाड़ियां चलाने की मांग की गयी है। बताया गया कि राज्य मुख्यालय अगर निविदा की तिथि घोषित कर देती है तो जल्द ही राज्य के विभिन्न मार्गों पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसें फर्राटे मारते दिखाई पड़ेंगी। इससे यात्रियों को अपने-अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचने में सहूलियत होगी। भागलपुर से अभी तक पटना, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, लहेरियासराय, सिकन्दरा आदि जगहों के लिए सरकारी बस सेवा चालू नहीं है।

इस योजना में हर मार्ग पर बसें चलेंगी। मुंगेर से गया, जमुई से पटना, नवादा, जहानाबाद, बिहारशरीफ, राजगीर से जमुई, मुजफ्फरपुर से भागलपुर आदि मार्गों पर दो-दो वाहन चलाने की मांग की गयी है। क्षेत्रीय कार्यालय अधीक्षक ज्योतिर्मय झा ने बताया कि निविदा के माध्यम से निजी वाहन मालिकों को इन मार्गों पर गाड़ी चलाने के लिए आमंत्रित किया जायेगा। प्राइवेट बसों की तुलना में 20 प्रतिशत किराया भी कम लगेगा।
पटना, मुजफरपुर, दरभंगा के लिए ट्रेनों पर है निर्भरता: निगम की ओर से मुख्यालय को बताया गया है कि भागलपुर के कई यात्रियों ने पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा आदि जगहों के लिए कई बार बस चलाने का आग्रह कर चुके हैं। भागलपुर से सहरसा, सिंघेश्वर, कुशेश्वर स्थान, मधुबनी, सीतामढ़ी, दरभंगा, आलमनगर, लहेरियासराय, बेगूसराय, धौरेया, साहुपाड़ा, खेसर, पटना मार्ग के लिए दो-दो बसों की निविदा निकालने का अनुरोध किया गया है। बिहार के बड़े शहरों के लिए भागलपुर बस नहीं होने के कारण ट्रेनों पर लोगों की निर्भरता ज्यादा है। चैंबर ऑफ कॉमर्स के पीआरओ अभिषेक जैन ने बताया कि इससे कारोबारियों को लाभ होगा।
