शहर में जाम की समस्या को खत्म करने के लिए मंगलवार से सैंडिस कंपाउंड के चारों ओर वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू हो रहा है। टेम्पो, ई-रिक्शा समेत सभी तरह के तीन पहिया, चार पहिया और उससे बड़े वाहनों को वन-वे ट्रैफिक के तहत लाया गया था, लेकिन अब बाइक सवारों को भी इस नियम का पालन करना होगा। वन-वे ट्रैफिक का पालन कराने के लिए मंगलवार से तिलकामांझी चौक, कचहरी चौक, घूरनपीर बाबा चौक और विशाल मेगा मार्ट के पास कुल 13 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस ने वन-वे ट्रैफिक के लिए रोड मैप तैयार कर लिया है। जीरोमाइल चौक से की ओर से आने वाले गाड़ियां तिलकामांझी चौक, पुलिस लाइन रोड, कचहरी चौक, घूरनपीर बाबा चौक होते हुए आगे जाएगी और वापसी मेडिकल कॉलेज रोड होकर होगी। यानी महात्मा गांधी रोड, आदमपुर रोड, भीखनपुर रोड होकर जो गाड़ियां तिलकामांझी चौक या जीरोमाइल की ओर जाएगी, उन्हें मेडिकल कॉलेज रोड से होकर गुजरना पड़ेगा।
कचहरी से पुलिस लाइन रोड जाने को लगाना होगा चक्कर

वाहन सवार कचहरी चौक से अब सीधे पुलिस लाइन रोड नहीं जा सकेंगे। इसके लिए उन्हें कचहरी चौक से घूरनपीर बाबा चौक जाना होगा और वहां से मेडिकल कॉलेज रोड होकर तिलकामांझी चौक, फिर एसएसपी आवास, सिटी एसपी आवास होते हुए पुलिस लाइन रोड में आना पड़ेगा।
तिलकामांझी से अब सीधे कटहलबाड़ी नहीं जा सकेंगे
वाहन सवार अब तिलकामांझी चौक से सीधे कटहलबाड़ी नहीं जा सकेंगे। उन्हें तिलकामांझी से पहले पुलिस लाइन रोड होते हुए कचहरी चौक आना होगा और वहां से घूरनपीर बाबा चौक होते हुए मेडिकल कॉलेज रोड से कटहलबाड़ी जाना होगा।
गली-मोहल्ले की सड़कों पर बढ़ेगा वाहनों का लोड
सैंडिस के चारों ओर वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू होने से गली-मोहल्ले की सड़कों पर वाहनों का लोड बढ़ेगा। वन-वे ट्रैफिक से बचने के लिए वाहन चालक गली-मोहल्ले की सड़कों का इस्तेमाल करेंगे। जैसे जीरोमाइल से किसी को आदमपुर जाना हो तो वे मुख्य सड़क के बजाय तुलसीनगर, डीएम आवास, मायागंज, बड़ी खंजरपुर, छोटी खंजरपुर, कोयला घाट होते हुए आदमपुर जा सकेंगे। तिलकामांझी चौक से जिन्हें लालबाग जाना है, वे मुख्य सड़क के बजाय हटिया रोड, शीतला स्थान रोड से लालबाग जा सकेंगे। इन सड़कों पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
