फर्जी डिग्री के सहारे नियोजित शिक्षक बने लोगों की तलाश के लिए निगरानी विभाग का जांच कार्य अबतक गति नहीं पकड़ पाया है. नियोजन इकाइयों ने अबतक शत प्रतिशत शिक्षकों के नियोजन से जुड़े कागजात का फोल्डर निगरानी विभाग के पास जमा नहीं किया है.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि एक सप्ताह में फोल्डर जमा करने के लिए सभी प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है.अब आठ या नौ जनवरी को दोबारा बीइओ के साथ समीक्षा बैठक की जायेगी.
सभी बीइओ को कहा गया कि शेष बचे शिक्षकों के नियोजन से जुड़े कागजात का फोल्डर जल्द से जल्द जमा कर दें. पंचायतस्तरीय शिक्षक नियोजन इकाइयों ने अबतक 65 प्रतिशत शिक्षकों का फोल्डर जमा नहीं किया है, जबकि प्रखंड स्तरीय, नगर पंचायत, नगर परिषद में नियोजित शिक्षकों का शत प्रतिशत फोल्डर मिल चुका है.

गौरतलब है कि भागलपुर जिले में फर्जी डिग्री के सहारे नियोजित शिक्षकों की तलाश के लिए निगरानी विभाग का जांच कार्य अबतक पूरा नहीं हो पाया है. जिले की नियोजन इकाइयों को 8,186 शिक्षकों के नियोजन से संबंधित प्रमाणपत्र का फोल्डर निगरानी विभाग को सौंपना था. अबतक 5119 शिक्षकों का फोल्डर जांच कार्य के लिए निगरानी विभाग को सौंपा गया है, लेकिन 3067 शिक्षकों के फोल्डर का अता पता नहीं है.
