भागलपुर केंद्रीय कारा समेत कोसी, सीमांचल और पूर्व बिहार के जेलों में सुबह अचानक की गई छापेमारी से हड़कंप मच गया। सहरसा की जेल में जहां मोबाइल बरामद हुआ वहीं अन्य जिलों की जेल में तंबाकू छोड़कर कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!भागलपुर के जीरोमाइल के पास स्थित जुब्बा साहनी केन्द्रीय कारा और विशेष केन्द्रीय कारा में रविवार को डीएम और एसएसपी के नेतृत्व में छापेमारी की गई। करीब डेढ़ घंटे की तलाशी में कोई भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। तृतीय खंड के सेल वार्ड में बिहार के सौ से ज्यादा खूखांर कैदी बंद है। एसएसपी आशीष भारती ने पुलिस टीम के साथ सभी कैदियों के वार्ड की तलाशी ली लेकिन कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। केन्द्रीय कारा में डीएम प्रणव कुमार के नेतृत्व में डीएसपी और थानेदारों की टीम ने तलाशी ली लेकिन यहां पर भी कुछ नहीं मिला। छापेमारी के दौरान जेल अधिकारी भी मौजूद थे। एसएसपी ने कहा कि छापेमारी में प्रतिबंधित या आपत्तिजनक कोई सामान नहीं मिला है।

अररिया जेल में छापेमारी, कैदियों में मचा हड़कंप
राज्य मुख्यालय के निर्देश पर रविवार को अररिया जेल में छापेमारी की गई। एडीएम अनिल कुमार ठाकुर और एसडीओ रोजी कुमारी के नेतृत्व में करीब दो घंटे जेल की बैरकों की सघन जांच की गई। लेकिन बीडी, खैनी, माचिस के अलावा कुछ प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली।
एसडीओ ने बताया कि जेल में चेकिंग के दौरान कोई प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली है। किसी बंदी ने भी उनसे व्यवस्थाओं को लेकर कोई शिकायत नहीं की। बताया कि जेल की व्यवस्था बेहतर दिखा।
जेल से पहली छापेमारी में बरामद नहीं हुआ कोई सामान
मुंगेर। गृह विभाग के निर्देश पर रविवार को लगभग ढाई घंटे तक मुंगेर मंडल कारा में डीएम राजेश मीणा और प्रभारी एसपी राकेश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई। मुंगेर के इतिहास में पहली बार डीएम व एसपी के संयुक्त छापेमारी में जेल के अंदर से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है। इससे पहले जब भी डीएम और एसपी के द्वारा संयुक्त रुप जेल में छापेमारी की गई, तो जेल के अंदर से कोई ना कोई आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया हैं। सुबह लगभग 06:30 से 09 बजे तक जेल के अंदर गहन रूप से छापेमारी की गई।
मंडल कारा में छापा, नहीं मिला कोई आपत्तिजनक सामान
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मंडल कारा में रविवार को एसपी मृत्युंजय चौधरी के नेतृत्व में छपेमारी की गयी। इस दौरान जेल के सभी 11 वार्डों की बारी- बारी से तलाशी की गयी। छापामारी के दौरान किसी भी वार्ड या बंदी के पास से कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। अधिकारियों ने महिला वार्ड, कैंटीन, जेल अस्पताल और पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। एसपी श्री चौधरी ने परिसर में व्याप्त गंदगी देख जेल अधीक्षक को साफ सफाई कराने का आदेश दिया।
जेल में छापेमारी कुछ भी बरामद नहीं
लखीसराय मंडल कारा में छापेमारी के दौरान कुछ भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुए। एसपी सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की टीम ने छापेमारी की। यहां सभी पुलिस पदाधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मंडल कारा के सभी वार्डों का औचक निरीक्षण किया।
खगड़िया के मंडल कारा में छापेमारी, नहीं मिला आपत्तिजनक सामान
खगड़िया मंडल कारा में पटना मुख्यालय के निर्देश पर रविवार को छापेमारी की गई। छापेमारी के नेतृत्व डीएम अनिरुद्ध कुमार और एसपी मीनू कुमारी कर रही थीं। इस दौरान विभिन्न वार्डों में खैनी की पूड़िया और खैनी रखने की डिब्बी बरामद की गई। इस दौरान काफी संख्या में पुलिस बल तैनात थे।
