भागलपुर: एसपी के नाम की वसूली करने वाला दारोगा निलंबित ,दलाल संजय गिरफ्तार

भागलपुर / पटना

भागलपुर । जमीन का मामला सुलझाने और बांका एसपी के नाम पर अवैध वसूली करने की शिकायत पर बांका जिले में बड़ी कार्रवाई हुई है। एसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के बाद जिला यातायात पदाधिकारी दारोगा आशीष कुमार को निलंबित कर दिया है। वहीं इस मामले में दारोगा आशीष कुमार व तातारपुर इलाके के उर्दू बाजार निवासी दलाल संजय भट्ट पर जालसाजी की प्राथमिकी सराय निवासी जनक दुलारी देवी के नाम पर दर्ज की गई है। दोनों पर जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए और एसपी की धौंस दिखाकर जनकदुलारी देवी और उसके पुत्र नीरज कुमार से रुपये वसूली का आरोप है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

महिला ने की थी खेती की जमीन पर दबंगो द्वारा कब्जे की शिकायत जनकदुलारी देवी के मुताबिक उनका रजौन इलाके में आठ बीघा खेती की जमीन थी। इस पर स्थानीय नेता रणवीर यादव का कब्जा होने की शिकायत महिला ने एसपी चंदन कुमार कुशवाहा से पिछले साल ही की थी। इस आवेदन के आलोक में एसपी ने रजौन के तत्कालीन थानेदार आशीष कुमार को जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया था। इस मामले की जानकारी जब संजय भट्ट को हुई तो उसने जनक दुलारी के पुत्र से संपर्क किया और खुद को एसपी का रिश्तेदार बताया। इसके बाद संजय भट्ट ने थानेदार की दलाली शुरू कर दी। दोनों ने मिलकर महिला के पुत्र से मोटी रकम वसूल कर ली। इसमें थानेदार ने एसपी को कमीशन की बात कह भी रुपये वसूले।

एसपी के संज्ञान में आने के बाद गिरी गाज

जब जनक दुलारी का काम नहीं हुआ तो वह आशीष कुमार और दलाल संजय की शिकायत लेकर एसपी चंदन कुमार कुशवाहा से मिली। उसने जब सारी घटना एसपी को बताई तो चंदन कुशवाहा ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराई। दलाल संजय भट्ट को दो सितंबर को रजौन पुलिस ने भागलपुर पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया था। महिला ने फोन डिटेल, बातचीत की मोबाइल रिकार्डिंग आदि भी एसपी को सौंपा है। दारोगा पर विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया है।

अधिकारियों के नाम वसूली की शिकायत करें सीधे मोबाइल पर

वहीं मामले में बांका एसपी चंदन कुमार कुशवाहा ने बताया कि शिकायत मिलने पर यातायात प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। जबकि जालसाजी में शामिल संजय भट्ट का गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर रजौन थाने में जालसाजी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी ने कहा कि कोई पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति उनके या किसी अधिकारी के नाम पर रुपये वसूल कर रहा है तो इसकी शिकायत लोग सीधे उनके मोबाइल पर कर सकते हैं। ऐसे लोगों या पुलिसकर्मियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के ही कुछ लोग पुलिस को बदनाम करने में जुटे हैं। इसे किसी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा।

पंकज को मिली यातायात की कमान

पंकज कुमार को नया यातायात प्रभारी बनाया गया है। पंकज पूर्व में लंबे समय तक शंभूगंज और जयपुर के थानाध्यक्ष रह चुके हैं।