भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने महिला की सुरक्षा के लिए बनाया “लेडी बॉडी एप”

भागलपुर / पटना

भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने महिला की सुरक्षा के लिए लेडी बॉडी एप तैयार किया है। इस एप में एक पावर बटन दिया है। इस बटन को दबाते ही एप से लिंक किए हुए नंबर पर लाइव लोकेशन सहित सारी सूचनाएं पहुंच जाएंगी। यह मैसेज तबतक पहुंचता रहेगा, जब तक सामने वाला उसे देख न ले। यही नहीं, मोबाइल में पुलिस का नंबर सेव होगा तो उसे भी लाइव लोकेशन के साथ अलर्ट की सूचना मिल जाएगी। इसके बाद भी महिला और लड़कियों को अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा दिखा तो वे दोबारा तीन बार पावर बटन दबा सकेंगी। इससे पुलिस सायरन की आवाज 200 मीटर की परिधि में सुनायी देने लगेगी।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के कंप्यूटर साइंस विभाग के थर्ड ईयर के छात्र मोहित गुप्ता, शिवानी कुमारी और साक्षी गुप्ता ने इस एप को तैयार किया है। छात्रों ने बताया कि यूपी के हाथरस में लड़की के साथ हुई घटना के बाद इस एप को तैयार करने का मन बनाया। एप को तैयार करने में तीन माह का समय लगा। छात्र मोहित गुप्ता ने बताया कि इस एप में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के कई अन्य चीजें भी शामिल हैं। भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज की प्राचार्य डॉ. पुष्पलता ने कहा कि छात्रों ने महिला सुरक्षा को लेकर बेहतर काम किया है। उम्मीद है कि यहां के छात्र सामाजिक मुद्दों पर इस तरह के काम करते रहेंगे। इससे समाज के हर वर्ग के लोगों को फायदा मिलेगा।

छुपे हुए कैमरे को देखकर भी आवाज करेगा मोबाइल

छात्र मोहित गुप्ता ने बताया कि इस एप की खासियत है कि यह छुपे हुए कैमरे की भी पहचान कर बता देगा। होटल, ट्रायल रूम जैसी जगहों पर छिपे हुए कैमरे को देखकर एप बता देगा और मोबाइल से तेज आवाज आने लगेगी। इसके अलावा महिला सशक्तीकरण के लिए देशभर में चल रहे कार्यक्रम और योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी।

100 से अधिक महिलाओं ने किया डाउनलोड

छात्रा शिवानी व साक्षी गुप्ता ने कहा कि एंड्राइड मोबाइल में इस एप को रखने से महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित सारी परेशानी दूर हो जाएगी। छात्रों ने चार दिन पहले इस एप को प्ले स्टोर पर दिया था। अब तक मुंबई, दिल्ली से लेकर कई महानगर की 100 से अधिक महिलाओं व छात्राओं ने एप को डाउनलोड कर इस्तेमाल भी शुरू कर दी है। उम्मीद की जा रही है कि यह एप महिलाओं की सुरक्षा में कारगर साबित होगा।