भागलपुर आसपास : नक्सलियों को सप्लाई करने के लिए गोदाम में रखे 170 क्विंटल विस्फोटक जब्त

भागलपुर / पटना

बेलहर पुलिस ने बुधवार की रात धौरी गांव में छापेमारी कर 340 बोरा अमोनियम नाइट्रेट (विस्फोटक) जब्त किया। पुलिस ने यह बरामदगी धौरी के ही नीरज कुमार सिंह उर्फ गुड्डू के गोदामनुमा घर से की। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

एसपी चंदन कुमार कुशवाहा ने बताया कि नीरज कुमार सिंह के गोदामनुमा मकान में सीआरपीएफ के सहयोग से छापेमारी की गई। वहां 340 बोरा अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया गया। हालांकि, नीरज कुमार सिंह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अमोनियम नाइट्रेट का प्रत्येक बोरा 50 किलोग्राम का है। इस तरह से कुल 170 क्विंटल अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया है। इसके साथ ही अरुण कुमार सिंह नाम के एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है। उस पर उस गोदाम का केयरटेकर होने का संदेह है। रात में गोदाम की चाबी उसी ने अपने घर से लाकर दी थी। पुलिस ने रात में नीरज के पिता वीरेंद्र कुमार सिंह से भी पूछताछ की थी।

एसपी ने बेलहर थाना पहुंचकर अमोनियम नाइट्रेट के बोरे और नमूना को देखा। इसके बाद हिरासत में लिए व्यक्ति से पूछताछ की। एसपी ने धौरी जाकर गोदाम की जांच भी की। एसपी ने बताया कि नीरज कुमार सिंह बिहार और झारखंड के नक्सलियों को अमोनियम नाइट्रेट सप्लाय करता था। धौरी में उसने सिर्फ गोदाम रखा था। इसकी भनक अबतक किसी को नहीं थी। नीरज कुमार सिंह के तार जमालपुर, कजरा आदि से जुड़ा हुआ है। वहां उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसपी ने कहा कि धौरी कांवरिया पथ पर है, लेकिन इस घटना से श्रावणी मेला का कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने बताया कि एक को हिरासत में लिया गया।