बांका. बिहार के बांका जिले में सोमवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने बैंक कैशियर की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना बांका थाना क्षेत्र के गेड़ोटीकर गांव की है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घात लगाए अपराधियों ने की हत्या
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गेड़ोटीकर गांव निवासी अरूण कुमार मंडल अपने छोटे बेटे आशीष के साथ बैंक जाने के लिए बस पकड़ने समुखिया मोड़ जा रहे थे। रास्ते में घात लगाये अपराधियों ने उनकी बाइक को रोककर गिरा दिया। बाइक से गिरते ही अपराधियों ने चाकू मारकर अरुण की हत्या कर दी।

बेटे को चाकू मारकर किया घायल
इसके बाद अपराधियों ने उनके बेटे पर चाकू से वार कर उसे जख्मी कर दिया। इस दौरान रास्ते में लोगों को आते देख अपराधी फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पिता पुत्र को सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने अरूण को मृत घोषित कर दिया। घायल बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बड़े बेटे के ससुराल वालों से हुआ था विवाद
पुलिस ने बताया कि करीब एक साल पहले अरूण का बड़े बेटे के ससुराल पक्ष के लोगों से पारिवारिक विवाद हुआ था। बड़े बेटे के ससुराल वालों द्वारा इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है। पुलिस ने जख्मी बेटे के बयान पर मृतक की बड़ी बहू, भाई सहित 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बांका एसपी चंदन कुशवाहा ने बताया कि जल्द मामले का खुलासा हो जाएगा।
