भागलपुरः करोड़ी बाजार में शराब को लेकर उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी, तीन गिरफ्तार

भागलपुर / पटना

शराब के कारोबार के लिए कुख्यात करोड़ी बाजार में एक बार फिर छापेमारी की गयी। रविवार की सुबह उत्पाद विभाग और पुलिस की टीम ने संयुक्त रुप से छापेमारी की। छापेमारी के दौरान सुशील चौधरी के पास 6 लीटर और रेखा देवी के पास 8 लीटर देसी शराब बरामद की गई। इन दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। सबौर निवासी मो. हसनैन को वहीं पर नशे की हालत में पकड़ा गया। उसे भी जेल भेज दिया गया है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

लोग घर छोड़ कर भागने लगे

छापेमारी के लिए भारी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान के आने की सूचना मिलने पर करोड़ी बाजार में कई लोग अपने घर छोड़ कर भाग निकले। गुप्त सूचना मिली थी कि करोड़ी बाजार में शराब का अवैध कारोबार किया जा रहा। उसके बाद उत्पाद विभाग के अधिकारी के अलावा हबीबपुर, मोजाहिदपुर और कजरैली थानाध्यक्ष के अलावा महिला थानाध्यक्ष स्वयंप्रभा की टीम को वहां भेजा गया। पुलिस लाइन से भी काफी संख्या में टीम में शामिल थे।

पहले भी कई बार छापेमारी की जा चुकी है

शराब के साथ पकड़े जाने के बाद रेखा देवी थाने पर जाने के लिए तैयार नहीं हो रही थी। महिला सिपाही उसे थाने लेकर गयी। गौरतलब है कि करोड़ी बाजार में शराब के कारोबार को लेकर पहले भी कई बार छापेमारी की जा चुकी है। शराबबंदी के बावजूद वहां पर काफी संख्या में लोग इस अवैध धंधे में लगे हुए हैं। वहां पर सामूहिक जुर्माना भी लगाया जा चुका है। वहां शराब का कारोबार रोक पाने में असफल रहने पर एक इंस्पेक्टर को थाने से हटा दिया गया था।