भतीजी को युवक से फोन पर बात करने से रोका तो भाई ने गोली मार कर दी हत्या

भागलपुर / पटना

भतीजी को फोन पर बात करने से मना करने पर लड़की के पिता ने अपने ही भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं गोली बारी की इस घटना में दूसरा भाई भी घायल हो गया है। घटना शाहकुंड के पैराडोमिनियां गांव में रविवार रात करीब 9 : 3 0 बजे की है। बताया जाता है कि महेंद्र मंडल की बेटी किसी युवक से फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान उसके चाचा रामबिलास मंडल ने इसका विरोध किया।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इसी बात को लेकर परिवार में पहले मारपीट हुई और फिर महेंद्र ने अपने भाई 57 वर्षीय रामबिलास पर गोली चला दी। गोली उसके पेट में लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद रामबिलास मंडल के बेटे ने अपने चाचा महेन्द्र मंडल को गोली मारकर घायल कर दिया। महेंद्र के दाहिने बांह में गोली लगी है। परिजन उसे इलाज के लिए पीएचसी लेकर गए जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने ले गई है। सूत्रों की मानें तो मृतक रामबिलास के परिजन घायल महेन्द्र मंडल व उसकी पत्नी शिरोमणि देवी, पुत्री ज्योति पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। वहीं महेंद्र मंडल पर मृतक के पुत्र रवि कुमार उर्फ फंटुस पर गोली चलाने का आरोप है। हालांकि घटना के कारण को लेकर परिजन ने चुप्पी साध रखी है। वहीं सूत्रों की मानें तो युवती पिछले कई माह से किसी युवक के साथ फोन पर बात करती थी। इसे लेकर पूर्व में भी घर में विवाद हुआ था। जांच के दौरान थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। घटना के स्पष्ट कारण का अभी पता नहीं चल पा रहा है। परिजन व ग्रामीण चुप हैं। मृतक रामबिलास मंडल के दो पुत्र हैं। वे किसान थे।