भागलपुर : आज लगातार वारिश से शहर में कहर, दीवार ढहने की 3 घटनाओं में 6 लोगों की मौत

भागलपुर / पटना

भागलपुर : लगातार हो रही बारिश रविवार को शहर में कहर बनकर टूटी। बरारी के अलग-अलग हिस्सों में दीवार ढहने की तीन घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। इसमें एक व्यवसायी और बच्ची भी शामिल हैं।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पहली घटना बरारी के हनुमान घाट में मंदिर परिसर की दीवार ढहने से हुई। दीवार के मलबे में दबकर संतनगर निवासी क्षितिज कुमार (24 वर्ष), रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी विकाश चंद्र दास (50 वर्ष) और इशाकचक के भीखनपुर निवासी विवेक कुमार (40 वर्ष) की मौत हो गयी। जबकि कई घायल हैं। विवेक पेंट का कारोबार करते हैं। वे पहली पूजा को लेकर जल भरने के उद्देश्य से घाट पर गए थे। विकास और क्षितिज भी गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, सदर एसडीओ आशीष नारायण समेत भारी संख्या में पुलिस बल व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने जेसीबी की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे उक्त तीनों लोगों को बचाव दल ने निकालकर अस्पताल भेजा। लेकिन तीनों की मौत हो गई थी। अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका पर बचाव कार्य जारी है।

वहीं दूसरी घटना बरारी के महाराज घाट रोड में घटी। जहां बुनील वर्मा के मकान की दीवार गिर गई। इसमें एक बच्ची समेत एक व्यक्ति की मौत हो गई। बच्ची की पहचान शालू कुमारी (14 वर्ष) के रूप में हुई है। जबकि दूसरे मृतक की पहचान अनिल शर्मा (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बड़ी खंजरपुर, दुर्गा स्थान के रहने वाले हैं। जिस समय दीवार गिरी वे दोनों वहां से गुजर रहे थे। दीवार गिरते ही स्थानीय लोगों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाल कर मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया। शालू को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अनिल शर्मा की इलाज के दौरान तीन घण्टे बाद मौत हुई।

तीसरी घटना में सुंदरवन की दीवार गिरने से बरारी के मायागंज झोपड़पट्टी में शुक्र दास (70) की मौत हो गई। शुक्र दास समेत दर्जनों परिवार अस्थाई झोपड़ी लगाकर सुंदरवन की दीवार से सटे रह रहा है। जिस समय दीवार गिरी शुक्र घर में ही सो रहा था। परिजनों ने उन्हें मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नवरात्र के प्रथम दिन रविवार पहली पूजा को सुबह से गंगा घाट पर श्रद्धालु स्‍नान करने पहुंचे थे। भागलपुर स्थित सभी गंगा घाटों पर भारी भीड़ है। पिछले दो दिनों से यहां लगातार बारिश हो रही है। बारिश में भी गंगा स्नान करने पहुंच रहे हैं। कुछ लोग वाहन से तो कुछ पैदल गंगा तट पर पहुंचे। हालांकि ज्यादातर लोग तीनपहिया वाहन को रिजर्व कर आए हैं। स्नान के बाद लोग डब्बे में गंगा जल लेकर घर भी जा रहे हैं।