बुलो मंडल ने एनएच-80 की मरम्मत में बरती जा रही उदासीनता पर नाराजगी जताई

शिक्षा/जानकारी

भागलपुर। सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने एनएच-80 की मरम्मत में बरती जा रही उदासीनता पर नाराजगी जताई है। सांसद ने कार्यपालक अभियंता से जीरोमाइल से सबौर के बीच सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया है। सांसद ने एनएच-80 में लोड घटाने के लिए गिट्टी लदे ट्रकों को कहलगांव के समीप ही नदी से पार कराने का सुझाव डीएम को दिया है। वहीं बैठक से गैरहाजिर रहने पर सिंचाई और विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से शोकॉज पूछने का निर्देश दिया गया है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

शनिवार को सांसद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में लालूचक के पास बर्निंग घाट जमुनिया नदी पर बनने वाले पुल के एप्रोच पथ का निर्माण करने का निर्देश पुल निर्माण निगम को दिया गया। कहा कि तरडीहा भरोखर पथ और सन्हौली पुल के एप्रोच पथ का कार्य प्रगति पर है। पथांस 4.328 किलोमीटर का कार्य उच्चस्तरीय पुल के निर्माण के बाद कराया जाएगा। नवगछिया में एनएच 31 के पुल निर्माण कार्य में ग्रामीण कार्य प्रमंडल, नवगछिया को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। एनएच के अभियंता को कहलगांव तक जहां सड़कें टूट गई हैं और चलने लायक नहीं है उसे शीघ्र मरम्मत करने का निर्देश दिया गया। अभियंताओं को ग्रामीण और शहरी सड़कों को दुरुस्त करने को भी कहा।

पीएचईडी पूर्वी को ग्रामीण जलापूर्ति योजना का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। सिविल सर्जन को एंबुलेंस को ठीक कराकर सभी पीएचसी में चलाने का निर्देश दिया गया। कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल में ब्लड बैंक चालू करने और विद्युत विभाग को जर्जर तार और जले ट्रांसफार्मर को बदलने का निर्देश दिया गया। कहा कि जिस गांव में विद्युतीकरण का कार्य नहीं हुआ है वहां अविलंब पूरा कराएं।

नगर आयुक्त श्याम बिहारी मीणा ने पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से स्मार्ट सिटी के द्वारा कराये जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। कहा कि स्मार्ट रोड के लिए टेंडर हो गया है। पैन इंडिया को टूटे हुए सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में डीएम प्रणव कुमार, नाथनगर के विधायक अजय मंडल, पीरपैंती के विधायक रामविलास पासवान, डीडीसी सुनील कुमार, एडीएम राजेश झा राजा, सभी प्रमुख सहित कई विभागों के अभियंता थे। बॉक्स

मंच पर जगह नहीं मिलने से लौट गए जिप अध्यक्ष

भागलपुर : दिशा की बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष अनंत कुमार उर्फ टुनटुन साह भाग लेने आए थे, लेकिन शीघ्र ही लौट गए। बताया गया कि अध्यक्ष को मंच पर कुर्सी नहीं मिली थी। अध्यक्ष का मानना है कि उन्हें मंच पर जनप्रतिनिधियों के समकक्ष स्थान मिलना चाहिए था। दिशा की बैठक से लौटने के बाद वे अपने कार्यालय आ गए। जहां 12.20 बजे शाहकुंड पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची।