बिहार में 2 दिनों तक मौसम का कर्फ्यू… 9 जिलों में दोपहर में घर से बाहर निकलना जानलेवा

राष्टीय / अंतरराष्टीय

बिहार में मौसम का कर्फ्यू जारी है। 48 घंटे तक गर्मी से मुश्किल और बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में गर्मी से बचाव को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसमें 9 जिलों में आपात की स्थिति बताया है। औरंगाबाद, अरवल, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, नवादा, बांका और जमुई में तो दोपहर में घर से बाहर निकलने को जानलेवा बताया है। मौसम विभाग ने लोगों से घर में रहकर पानी और तरल पदार्थों का सेवन कर सावधानी बरतने को कहा है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

तेजी से बढ़ रहा है तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक औरंगाबाद, अरवल, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, नवादा, बांका और जमुई में अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है, इसके तेजी से बढ़ने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक यहां तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी देखी जा सकती है। इसके साथ ही गर्म हवाएं भी 10 से 15 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, जो काफी खतरनाक हैं। हवा की रफ्तार में बढ़ोत्तरी होने के बाद लू का असर और तेज हो जाएगा। ऐसे में संबंधित जिलों के लोगों से मौसम विभाग ने अपील की है कि वह घर में रहें और किसी भी दशा में दोपहर के समय बाहर नहीं निकलें, आवश्यक होने पर पूरी सावधानी के साथ ही घर से बाहर निकलें।

24 घंटे में बना रहा खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में 24 घंटे में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहा है। रविवार की तरह सोमवार को भी सुबह से आसमान से आग बरसने जैसी स्थिति बनी हुई है। सीतामढ़ी में मौसम थोड़ा राहत देने वाला रहा है जबकि बांका में सबसे अधिक तापमान 43 डिग्री के पार रहा। रविवार को राज्य के अधिकांश जिलों में लू जैसे हालात रहे और सोमवार को भी ऐसा ही हाल है। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को राज्य के अधिकांश जिले लू की चपेट में रहेंगे जिसमें 9 जिलों में मुश्किल अधिक होगी। नवादा, औरंगाबाद, शेखपुरा, डेहरी, पटना, गया, भागलपुर, सबौर, जमुई, खगड़िया, जीरादेई में अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पार रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को ऐसे ही हालत में राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार होगा।

मौसम विभाग का बिहार के लिए अलर्ट

मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लोगों को गर्मी के मौसम में अलर्ट किया है। कहा गया है कि जिस तरह से तापमान तेजी से बढ़ रहा है, यह स्थिति ठीक नहीं है। बीमार और बच्चों के साथ वृद्ध जनों को काफी अलर्ट रहना होगा। क्योंकि ऐसे में मौसम में शरीर के प्रमुख अंगों पर लू का असर होता है। लू लगने के बाद हालत खराब हो जाती है और इंसान को समय पर इलाज नहीं मिले तो मौत भी हो सकती है। ऐसे में लोगों को पूरी तरह से अलर्ट और सावधान रहना है। मौसम विभाग ने लोगों से अधिक से अधिक तरल पदार्थों के सेवन करने के साथ दोपहर में घर से बाहर निकलने पर सावधानी बरतने को कहा है। खान पान के साथ दिनचर्या पर ध्यान देकर ही लू से बचा जा सकता है।