पटना में चार सौ बेड का विशिष्ट हड्डी रोग अस्पताल का निर्माण जल्द, २ अरब का खर्च…

भागलपुर / पटना

पटना : पटना में चार सौ बेड का विशिष्ट हड्डी रोग अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। जिस पर करीब सवा दो अरब रुपये का खर्च आएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इस नए अस्पताल के भवन निर्माण का जिम्मा बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम को सौंपा है। चालू वित्तीय वर्ष में भवन निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित भी कर दिए गए हैं।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

स्वास्थ्य विभाग को पटना के राजवंशीनगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल की ओर से हड्डी रोग के विशिष्ट अस्पताल के निर्माण का प्रस्ताव दिया गया था। जिस पर स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव के स्तर पर हुई बैठक के बाद सहमति दे दी गई। चार सौ बेड के विशिष्ट हड्डी रोग अस्पताल के लिए अलग से जमीन की दरकार नहीं होगी। इस नए अस्पताल का निर्माण लोकनायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल के परिसर में ही होगा।

अस्पताल के भवन का निर्माण होने के बाद यहां इलाज की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस अस्पताल में हड्डी के जटिल से जटिल रोगों का इलाज संभव हो सकेगा। बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम को ही इस अस्पताल के लिए जरूरी मेडिकल इक्यूप्मेंट की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।

प्रधान सचिव ने अस्पताल भवन के प्रारूप को मंजूरी देते हुए कहा है कि भवन निर्माण होने तक प्रत्येक छह महीने में किए गए कार्य का पूरा विवरण स्वास्थ्य विभाग को मुहैया कराया जाए ताकि निर्माण कार्य की प्रगति की सही जानकारी सरकार को मिलती रहे।