सबौर के पास एनएच पर क्षतिग्रस्त मसाढू पुल को तोड़ने के कारण लग रहे भीषण जाम को देखते हुए अब नवगछिया और पीरपैंती से भारी वाहनों के प्रवेश पर दस जनवरी पर पूरी तरह से रोक रहेगी। यह व्यवस्था सोमवार की रात से लागू कर दी गई है। इसे लेकर डीएम और एसएसपी ने संयुक्त आदेश जारी कर दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!साथ ही, पहले से प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल व थानेदार को निर्देश दिया गया है कि पूर्व से इस रूट में फंसे सभी तरह के भारी वाहनों को कतारबद्ध तरीके से बाहर निकालें। इस अवधि के दौरान छोटे वाहन चलेंगे। जगदीशपुर से नो इंट्री खुलने के बाद नवगछिया की ओर जानेवाले भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक नहीं रहेगी।

इसे लेकर पीरपैंती व नवगछिया में कहलगांव और नवगछिया एसडीओ व डीएसपी 10 जनवरी तक पालीवार पर्याप्त संख्या में अपने क्षेत्र में दंडाधिकारी सहित पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति करेंगे। संबंधित एसडीओ और डीएसपी प्रतिनियुक्त होनेवाले दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों के साथ इसकी ब्रीफिंग कर ड्यूटी पर तैनाती कराएंगे और ट्रैफिक कंट्रोल के लिए आवश्यकतानुसार स्थल चिह्नित कर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करेंगे।
