नवगछिया : विक्रमशिला सेतु पर परिचालन बंद रहने की स्थिति में दूसरे दिन भी यात्री हलकान रहे. शनिवार को तेज धूप रहने के कारण यात्रियों के पसीने छूट रहे थे. हालांकि धीरे धीरे यात्री अभ्यस्त हो रहे हैं. शनिवार के दिन विक्रमशिला सेतु मरम्मत स्थल पर पहुंचने वाले ऐसे यात्रियों की संख्या कम थी जिन्हें यह पता नहीं था कि पुल बंद है. हालांकि ऐसे यात्री दूसरे जिले के थे. ऐसे लोगों को या तो बैरंग लौटना पड़ा या फिर ऐसे लोगों ने अपनी मोटरसाइकिल नवगछिया में ही छोड़ कर भागलपुर के लिए रवाना हुए.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विक्रमशिला सेतु के मरम्मत स्थल के पास मोटरसाइकिलों की अत्यधिक जमावड़े को देखते हुए दोपहर में करीब दो घंटे तक मोटरसाइकिल चालकों को पुल के मरम्मत स्थल तक नहीं जाने दिया जा रहा था. मोटरसाइकिल चालकों को जाह्नवी चौक के पास ही रोका जा रहा था. लेकिन दोपहर डेढ़ बजे तक नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार के आदेश पर मोटरसाइकिलों को भी पुल मरम्मत स्थल पर जाने की अनुमति दी गयी.

मोटरसाइकिल चालकों का नहीं हो रहा है मोह भंग
पुल के मरम्मत स्थल पर साईकिल या फिर पैदल की जाने की अनुमति है लेकिन मोटरसाइकिल चालकों का पुल पर फर्राटा भरने का मोह भंग नहीं हो पा रहा है. शायद इसलिए पुल के मरम्मत स्थल पर दोनों तरफ एक मोटरसाइकिल स्टैंड का नजारा दिन भर देखा गया. कुछ ऐसे मोटरसाइकिल चालक भी थे, जिन्हें गंगा पार जाना ही नहीं था. वे पुल का मरम्मत कार्य देखने के लिए मरम्मत स्थल पर पहुंचे थे. नवगछिया के रवि कुमार साह, राघोपुर के ब्रजेश कुमार, तेतरी के सुदर्शन कुमार आदि कई ऐसे लड़के थे जो पुल मरम्मत स्थल तक इसलिए पहुंचे थे कि उन्हें सिर्फ मरम्मत कार्य देखना था.
नवगछिया के रवि ने कहा कि बस ऐसे आ गये, सोचा कि कैसे पुल की मरम्मत हो रही है देखा जाय. पुल पर ऐसे लड़के जम कर सेल्फी लेने में भी मशगूल दिखे. इधर कुछ ऐसे भी मोटरसाइकिल चालक थे जिनके परिजन गंगा पार से आने वाले थे. इस पार आने के बाद वे अपने परिजनों को मोटरसाइकिल पर बैठा कर घर के लिए रवाना होते. कई ऐसे लोग थे जो अपने परिजन को मरम्मत स्थल तक छोड़ कर नवगछिया की ओर लौट गये थे.

जीरो माइल पर लगा बैरियर, सख्ती से हो रहा है नो इंट्री का पालन
नवगछिया जीरो माइल पर ग्रामीणों के विरोध के बावजूद प्रशासनिक पदाधिकारियों ने शुक्रवार को देर शाम ही बैरियर लगा दिया. हालांकि लगाया गया बैरियर ओवर हेड है. जिससे ट्रकों का गुजरना संभव नहीं है बांकी वाहन गुजर सकते हैं. लेकिन पुलिस कर्मियों और कार्यपालक दंडाधिकारियों को सख्त हिदायद है कि भागलपुर की ओर से आने वाले ट्रकों, पीकअप, प्राइवेट वाहनों आदि को जीरो माइल में रोक दिया जाय और यहां से पुन: भागलपुर की ओर ही लौटा दिया जाय. इधर तेतरी दुर्गा स्थान के पास लगाये गये बैरियर को वाहन चालकों द्वारा ध्वस्त कर दिये जाने के बाद पुन: वैरियर नहीं लगाया गया है जबकि तुलसीपुर, जमुनियां, लत्तीपुर, बिहपुर जाने वाली 14 नंबर सड़क परलगाये गया बैरियर यथावत है. यहां से सिर्फ छोटे वाहन ही क्रास कर पा रहे हैं.
भाजपा नेता ने मरम्मत कार्य का लिया जायजा
भाजपा नेता व बिहपुर विधानसभा के पूर्व विधायक ई कुमार शैलेंद्र ने पुल के मरम्मत स्थल का जायजा लिया है. उन्होंने मरम्मत स्थल पर मरम्मत कर रहे कर्मियों, पदाधिकारियों के साथ यात्रियों से भी बात चीत की है. श्री शैलेंद्र के साथ भाजपा नेता प्रभुनारायण चौधरी भी मौजूद थे.
