नवगछिया । गोपालपुर थाना क्षेत्र में बीते दिनों दो अलग-अलग जगहों पर लूट व अपहरण के मामले का नवगछिया पुलिस ने शुक्रवार को उद्भेदन किया है। दोनों मामलों में शेयर मार्केट में पैसे लगाए गए थे और लूट और अपहरण की झूठी कहानी रची गयी थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शुक्रवार को नवगछिया पुलिस अधीक्षक सुशांत कुमार सरोज ने न्यू पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर बताया कि 27 मई को रंगरा ओपी क्षेत्र के झल्लू दास टोला निवासी शंभू मंडल के पुत्र आशीष कुमार ने गोपालपुर थानाध्यक्ष को सूचना दी कि सुकटिया बाजार स्थित एटीएम से 1 लाख 30 हजार रुपया निकालकर घर लौटने के क्रम में उसरहिया पुल पर बाइक सवार अपराधियों ने धक्का मारकर गिरा दिया और रुपये छीनकर भाग गये। इस संबंध में गोपालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। अनुसंधान के क्रम में आशीष ने बताया कि एचडीएफसी खाता से 48 हजार रुपया और एक्सिस बैंक के खाते से 80 हजार रुपया निकासी की थी।
पुलिस ने उसके दोनों बैंक के खाता विवरण प्राप्त किया जिसमें पाया गया कि आशीष ने 27 मई को एक्सिस बैंक के खाते से एक बार 50 हजार रुपया और दूसरी बार 30 हजार रुपया यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया गया है। जबकि एचडीएफसी के खाता से 45 हजार रुपया यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया गया है। मात्र तीन हजार रुपया ही उस दिन एटीएम से निकाला है। कड़ाई से पूछताछ में आशीष ने बताया कि कि वह शेयर मार्केट में यूपीआई के माध्यम से कुल 1 लाख 28 हजार रुपया लगा दिया था और अपने माता-पिता के डर से लूट की मनगढ़ंत झूठी कहानी रच कर गोपालपुर थाने में लूट कांड दर्ज करा दिया।

शेयर मार्केट में रुपया गंवाने पर अपहरण की बात फैलायी
वहीं गुरुवार को पूर्णिया जिला के सदर थाना क्षेत्र के पोलोग्राम गुलाबबाग निवासी मनोज कुमार भगत पिता ने पुलिस को सूचना देकर अपने पुत्र के अपहरण की आशंका जतायी। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र रोहित कुमार 31 मई की दोपहर एक बजे अपने ननिहाल गोपालपुर के पंचगछिया से पूर्णिया के लिए निकला। इसके बाद उसने अपने ममेरे भाई शिवम कुमार के मोबाईल पर मैसेज भेजा कि हम चार पहिया वाहन से पूर्णिया जा रहे हैं।
वहीं कुछ देर के बाद ही मैसेज आया कि रोहित किसी मुसीबत में फंस गया है और उसका अपहरण हो चुका है। जांच में पाया गया कि वादी के पुत्र का अपहरण नहीं हुआ है। शुक्रवार सुबह पुलिस ने सूचना पर तेतरी दुर्गा मंदिर के पास से बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि शेयर मार्केट में 37 हजार रुपया गंवा चुका है। डर से अपने अपहरण की झूठा मैसेज रिश्तेदारों में फैलाया।
