बिहपुर । सोनवर्षा नशिया बहियार में बुधवार की शाम चार बजे गेहूं की फसल तैयार करवा रहे सोनवर्षा वार्ड नंबर 11 के किसान बिट्टू कुमार उर्फ गोरे को कुख्यात कन्हैया ने गोली मार कर घायल कर दिया। गनीमत रही की गोली बाएं पैर की एड़ी में लगी और चमड़ी काटते हुये निकल गई। इसके बाद चार थानों की पुलिस ने छापेमारी कर सोनवर्षा के घटोरा दियारा से कुख्यात कन्हैया को चारों तरफ घेर कर दबोच लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घायल किसान बिट्टू ने बताया की हमलोग मजदूर के साथ गेहूं की फसल तैयारी करवा रहे थे। इसी दौरान कन्हैया हथियार से लैस होकर आया मजदूर छपाली मंडल को कोड़े से पीटने लगा। विरोध करने पर उसे भी कोड़ा से मारा और फसल काटने के एवज में एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। उसके बाद कन्हैया ने दोनों को बासा पर चलने कहा। बासा पर कन्हैया घोड़ी से आया। बासा पर फिर से पीटने लगा। बिट्टू ने बताया कि कन्हैया ने गोली मारना चाहा तो उसने हाथ झटक दिया। गोली उसके बाएं पैर की एड़ी में चमड़ी काटते हुए निकल गई।
इसके बाद कन्हैया भाग गया। घायल किसान को परिजन फौरन बिहपुर सीएचसी लाया गया। वहीं गोलीकांड की सूचना पर बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह, नदी थानाध्यक्ष अशोक चौधरी, खरीक थानाध्यक्ष सूबेदार पासवान व भवानीपुर ओपी प्रभारी रमेश साह आदि पहुंचे और घायल किसान से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने सोनवर्षा के घटोरा दियारा से कुख्यात कन्हैया को चारों तरफ घेर कर दबोच लिया। नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि बदमाश कन्हैया की गिरफ्तारी को लेकर गुरुवार को बिहपुर थाना में प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी जाएगी।

विधायक ने गोली लगने से घायल हुये किसान से अस्पताल में ली जानकारी
बिहपुर विधायक ई. शैलेंद्र ने गोली लगने से घायल हुए किसान बिट्टू कुमार उर्फ गोरे से बिहपुर अस्पताल में आकर घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने इस गोलीकांड की घटना पर रोष व्यक्त किया।
