नवगछिया। डायल 112 पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की चोरी हुई संपत्ति बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना रविवार रात नवगछिया के उजानी निवासी मोहम्मद शमशेर के घर की है। परिवार के सभी सदस्य उस समय कोलकाता गए हुए थे। इसी दौरान घर से बेटी की शादी के लिए खरीदे गए कीमती सामान के साथ-साथ लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर लिए गए।
घर लौटने पर चोरी का पता चलने पर गृह स्वामी ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम के राहुल राज मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच के दौरान उजानी निवासी मोहम्मद शहजाद का नाम सामने आया, जो घटना के बाद से फरार था।

पुलिस ने सोमवार को स्टेशन के पास से आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी का सामान उसने मोहम्मद मंसूर को मात्र पांच हजार रुपये में बेच दिया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि चोरी किए गए एक डिब्बे में डेढ़ लाख रुपये नकद थे, जिसकी जानकारी उसे पहले नहीं थी।
डायल 112 पुलिस के पहुंचने पर मोहम्मद मंसूर ने चोरी का पूरा सामान लौटा दिया। नकद राशि को लेकर स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में सात दिनों के भीतर पूरी रकम लौटाने पर सहमति बनी है।
बरामद सामान और साक्ष्यों के साथ आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नवगछिया आदर्श थाना को सौंप दिया गया है।
थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि आरोपी पीड़ित परिवार का रिश्तेदार (भैगना) है। पीड़ित द्वारा थाने में कोई लिखित मामला दर्ज नहीं कराया गया था, सूचना के आधार पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था।
