नवगछिया। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नवगछिया पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर शनिवार, 2 नवंबर 2025 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नवगछिया द्वारा नवगछिया थाना परिसर में “गुंडा परेड” का आयोजन किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस दौरान गुंडा रजिस्टर में दर्ज अपराधियों को थाने में उपस्थित कर उनका परेड कराया गया। एसडीपीओ ने सभी चिन्हित असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने या अवांछित गतिविधि में शामिल होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने अपराधियों से व्यक्तिगत रूप से पूछताछ कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिया कि वे किसी भी स्थिति में क्षेत्र की शांति और चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश न करें।

एसडीपीओ ने बताया कि गुंडा परेड का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, निष्पक्षता और भयमुक्त मतदान वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन क्षेत्र में लगातार निगरानी रखे हुए है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने पहले ही निर्देश दिया है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, डराने-धमकाने या आपराधिक गतिविधि को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुंडा रजिस्टर में दर्ज अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
गुंडा परेड के आयोजन से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शांति और निष्पक्ष चुनाव कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
