20220210 kpt sk mn 06 0 jpg 1645233658.jpg 80

नवगछिया में इथेनॉल फैक्ट्री का शिलान्यास उद्योग मंत्री ने किया.. जनवरी 2023 तक यह पूरा

NEWS

नवगछिया के साहू परबत्ता में 96 करोड़ की लागत से बनने वाले 65 केएलपी की इथेनॉल फैक्ट्री का भूमि पूजन सह शिलान्यास शुक्रवार को बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि नवगछिया मक्के का कटोरा है। यहां के किसान खून-पसीना लगाकर मकई उपजाते हैं, लेकिन किसानों को मक्के का सही दाम नहीं मिलता है। बिचौलिए औने-पौने दाम में उनका मक्का खरीद कर चले जाते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। बिहार में औद्योगिक क्रांति की शुरुआत साहू परबत्ता से शुरू हुई है। यहां 96 करोड़ की लागत से नया इथेनॉल प्लांट बन रहा है, जिसमें 88 करोड़ की स्वीकृति पत्र साहू एग्रो कंपनी को मिल गया है। जनवरी 2023 तक यह पूरा हो जाएगा।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अररिया, सहरसा पूर्णिया भागलपुर का पहला प्लांट

मंत्री ने कहा कि सहरसा, अररिया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया मक्का का बेल्ट रहा है। इसका पहला प्लांट साहू परबत्ता में खुल रहा है। यहां के किसानों के लिए यह गर्व की बात है। अब किसानों को अनाज का सही मूल्य मिलेगा। बिचौलिए कहीं नजर नहीं आएंगे। 100 लोगों को साहू एग्रो रोजगार देगा। भारत सरकार ने 10 साल तक के लिए यहां बने इथेनॉल खरीदने का वादा किया है। मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि उद्योग विभाग का काम जमीन पर है, हवा में नहीं। पीएम और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में उद्योग विभाग एक इतिहास रच रहा है। आज इतिहास का सबसे बड़ा दिन है अभी एक इंडस्ट्री लगेगी। हमारे प्रधानमंत्री जी का ग्रीन इंडिया बनाने का सपना पूरा होगा।

पीएम के नेतृत्व में देश में ग्रीन एनर्जी बढ़ेगी

उद्योग मंत्री ने कहा कि इथेनॉल का फ्लेक्स इंजन आ रहा है। पहले 20% मिक्स की जगह 100 प्रतिशत से गाड़ी चल सकती है। यह 62 रुपये में मार्केट में उपलब्ध होगा, तो लोग 100 रुपये का पेट्रोल गाड़ी में क्यों डलवाएंगे। उन्होंने कहा कि नवगछिया के लोग एक तरफ से मक्का डालेंगे तो दूसरी तरफ से डॉलर निकलेगा। डॉलर बनाने के लिए साहू परबत्ता अहम भूमिका अदा करेगा। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योजना के तहत लगभग 20000 बिहार के नौजवानों को रोजगार दिया है और लोगों को रोजगार मिलेगा।

6500 मीट्रिक टन कोल्ड स्टोरेज का किया उद्घाटन

उद्योग मंत्री ने इस मौके पर बिहार के सबसे बड़े 6500 मीट्रिक टन कोल्ड स्टोरेज का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए यह काफी लाभदायक साबित होगा।

बिहार के लोगों को रोजगार के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पंजाब के सीएम ने बिहार के लोगों को भगाने की बात कही थी। हम बिहार में ऐसा उद्योग लगाएंगे कि बिहार के लोगों को रोजगार के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी। यहां के किसान और मजदूर घर में ही काम करेंगे और खुशहाल जीवन व्यतीत करेंगे। इस मौके पर विधायक ललन पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह, उपाध्यक्ष पप्पू यादव, साहू एग्रो के मैनेजर प्रीतम साहू, नीरज साहू, जिला अध्यक्ष जदयू वीरेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा सुबोध सिंह कुशवाहा, जिप सदस्य गौरव राय, मुकेश राणा, अजय कुशवाहा, राजकुमार रजक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।