नवगछिया : मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार शुक्रवार को राजकीय हेलीकॉप्टर से भागलपुर आएंगे। भागलपुर के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे अधिकारीद्वय पहले कहलगांव आएंगे। एनटीपीसी कैंपस के हेलीपैड पर उतरने के बाद केंद्रीय विश्वविद्यालय की प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!एनटीपीसी से सड़क मार्ग होकर अंतीचक और मलकपुर मौजा का निरीक्षण करेंगे। समय मिलने पर प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय के भग्नावशेष का निरीक्षण भी करेंगे। अधिकारीद्वय हेलीकॉप्टर से बिहपुर प्रखंड के जयरामपुर स्थित कस्तूरबा बालिका विद्यालय मैदान में भी उतरेंगे। यहां से निर्माणाधीन बिहपुर-वीरपुर एनएच 106 की प्रगति का जायजा लेंगे।
अधिकारीद्वय समाहरणालय स्थित सभागार में जिले में भू-अर्जन से जुड़ी तमाम योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करेंगे और भूमि विवाद से लेकर जमीन संबंधी तमाम लंबित कामों की समीक्षा करेंगे। नई परियोजना को लेकर भी प्रमंडलीय आयुक्त, डीएम, एसएसपी, एडीएम आदि से बात करेंगे। इसको लेकर गुरुवार को दिनभर जिलाधिकारी संबंधित अधिकारियों से प्रगति प्रतिवेदन पर बात करते रहे।

