नवगछिया : मद्य निषेध विभाग और बिहपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर अवैध विदेशी शराब की भारी खेप बरामद की है. पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ लगातार चल रहे विशेष अभियान में रविवार को बिहपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पुआरी बहियार गेनावाली अड्डा के पास विजय चौधरी के बगीचे में मिट्टी के अंदर काफी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर रखी गयी है.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूचना मिलते ही बिहपुर थाना व एएलटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर मौके से रॉयल स्टैग (375 एमएल) की 58 बोतल (कुल- 21.750 लीटर) तथा ओल्ड मोंक (750 एमएल) की 32 बोतल (कुल- 24 लीटर) बरामद की. कुल 45.750 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गयी.
पुलिस ने इस संबंध में बिहपुर थाना में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ठाकुर ने बताया कि छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपित भागने में सफल रहा. हालांकि उसकी पहचान कर ली गयी है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

