नवगछिया : मध्याह्न भोजन का आलू कूकर में उबालने के दौरान कूकर ब्लास्ट, रसोईया घायल

NEWS

नवगछिया : गोपालपुर प्रखंड के डुमरिया चपरघट पंचायत के लतरा मध्य विद्यालय में बुधवार को लकड़ी के चूल्हे पर मध्याह्न भोजन के लिए आलू उबालते समय कूकर फट गया जिससे वहां पर मौजूद महिला रसोइया सुइया देवी घायल हो गई। कूकर फटने से रसोई घर का छप्पर उड़ गया। कूकर फटने की आवाज सुन अफरा-तफरी मच गयी। आनन फानन में घायल रसोइया को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा रसोइया का प्राथमिक इलाज कर बेहतर इलाज हेतु मायागंज रेफर कर दिया गया।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सूचना पर बडी संख्या में ग्रामीण मध्य विद्यालय लतरा पहुंचे और विद्यालय की लचर व्यवस्था पर आक्रोश व्यक्त करने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि चार पांच दिनों से मध्याह्न भोजन विद्यालय में नहीं बना था। जिस कारण कूकर जाम हो गया होगा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विद्याकांत भारती घटना के समय मौजूद नहीं थे।

प्रखंड साधनसेवी रंजीत मालाबार घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आलोक में जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी और गैस के बदले लकडी पर मध्याह्न भोजन बनाने के मामले में स्पष्टीकरण मांगा जायेगा। ग्रामीणों ने कहा कि इस विद्यालय की सभी तरह की जांच हो और प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों पर भी कार्रवाई हो।