नवगछिया : मक्का किसानों के लिए खुशखबरी है। साहू परबत्ता में इथेनॉल फैक्ट्री 30 सितंबर तक चालू होने की संभावना है। पुणे की एक्सल कंपनी ने फैक्ट्री का कामकाज शुरू कर दी है। अभी खुदाई, सोलिंग, पीसीसी का काम जारी है। जल्द ही सौ टन छड़ गिरेगा और पिलर व ढलाई का काम चालू हो जायेगा। अभी कंपनी की ओर से 50 सदस्यीय टीम काम कर रही है। जल्द ही 250 इंजीनियर व कर्मचारी और जुटेंगे। बताया गया कि एग्रो बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से फैक्ट्री स्थापित करने में लगभग 80 करोड़ रुपये खर्च होगा। सात एकड़ तीन डिसमिल जमीन में चारदीवारी का काम पूरा हो चुका है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!निदेशक प्रीतम कुमार ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक से ऋण स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। उम्मीद है कि 60 करोड़ के आसपास ऋण की स्वीकृति एक सप्ताह में हो जायेगी। इसमें कंपनी अपनी ओेर से लगभग 18 से 20 करोड़ रुपये लगायेगी। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री स्थापित करने की जिम्मेदारी एक्सल इंजीनियरिंग पुणे को दी गयी थी। थमैक्स कंपनी बॉयलर पावर प्लांट लगायेगी। जिसमें लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च की उम्मीद है। यहां दो मेगापाट का पावर प्लांट लगेगा।
250 युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से होगा फायदा
निदेशक ने बताया कि फैक्ट्री संचालित होने से 250 लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार दिया जायेगा। रोजगार के लिए अच्छे युवाओं की तलाश की जा रही है। जिसे इस क्षेत्र में काम करने का अनुभव हो। इसके साथ ही आसपास के किसानों को भी लाभ पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि नवगछिया, पूर्णिया, मधेपुरा, अररिया, खगड़िया आदि जगहों पर बड़े पैमाने पर मक्का तैयार होता है।

यहां के किसानों को अब स्थानीय स्तर पर बाजार मिल जायेगा। पहले किसानों को मक्का बेचने के लिए विशाखापट्नम, गुजरात आदि जगहों के व्यापारियों से संपर्क करना पड़ता था। उनसे अपना रुपये लेने की भी एक समस्या हो जाती थी। कभी-कभी किसानों को पर्याप्त राशि नहीं दी जाती है। यहां प्लांट खुलने से ऐसी समस्या से किसानों को निजात मिल जायेगी। यहां 40 से 50 हजार टन मक्का की जरूरत होगी।
