नवगछिया : विक्रमशिला ओपी क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के औलियाबाद निवासी विनोद सिंह (60 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि वे अपने पुत्र सुशील कुमार सिंह (37 वर्ष) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान विक्रमशिला पुलिस चौकी से लगभग 50 मीटर पहले जीरोमाइल की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बरारी थाना पुलिस के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने विनोद सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।















Leave a Reply