नवगछिया/भागलपुर : ऐसे ही तपेंगे दिन-रात, 16 तक बारिश की कोई संभावना नहीं

भागलपुर / पटना

भागलपुर : लगातार तीन दिन से दिन-रात का तपना जारी है और आगे भी ये बदस्तूर जारी रहेगा। सोमवार को सूरज की तपिश में दिन तपा तो उमस में रात उबल गयी। आलम यह हुआ कि घर में लगे पंखे-कूलर भी इस गर्मी व उमस को दूर करने में नाकामयाब साबित हो रहे हैं। घरों की दर-ओ-दीवार से लेकर छतें गर्म हैं और पंखे ठंडी हवा के बजाय गर्म हवा फेंक रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की माने तो आगामी 16 जुलाई तक बारिश की संभावना न के बराबर है। हां, एक-दो स्थानों पर इस दौरान हल्की बूंदाबांदी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है, लेकिन अच्छी बारिश तो एक दम भूल जाएं।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

दिन के पारे में आयी थोड़ी कमी, रात और उबल गयी:

बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इस दौरान जहां दिन के तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की मामूली कमी आने के बावजूद दिन में गर्मी ने हाल-बेहाल कर दिया तो वहीं रात के पारे में 0.4 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि ने रातों को और उबाल दिया। सोमवार को अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य तापमान से क्रमश: पांच व एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सुबह साढ़े आठ बजे 75 प्रतिशत रही आर्द्रता दिन में पड़ी गर्मी के कारण शाम साढ़े पांच बजे तक और कम होकर 56 प्रतिशत पर आ गयी। वहीं दिनभर 11.2 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से शुष्क पूर्वी हवाएं बही।

अभी गर्मी व उमस का जारी रहेगा कहर, राहत के आसार नहीं:

मौसम वैज्ञानिक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि मंगलवार से लेकर 16 जुलाई तक अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि मंगलवार से लेकर 14 जुलाई तक जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाये रहने के कारण उमस से परेशानी बढ़ेगी। इस दौरान 10 से 15 किमी के बीच पूर्वी हवा चलने का अनुमान है।